पाकिस्तान के शिकारपुर पुलिस की ये हरकत है। इस घटना की जानकारी एक सोशल वर्कर एक्टिविस्ट कपिल देव ने दी है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में रह रहे हिंदू परिवार किस तरह वहां पर अपना जीवन चला रहे हैं, ये आए दिन सामने आता रहता है। पाकिस्तान में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार के मामलों में पिछले कुछ समय में काफी बढ़ोतरी हुई है। पाकिस्तान में ना सिर्फ हिंदू महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं, बल्कि हिंदू युवकों को भी खूब टॉर्चर किया जाता है। इस बीच पाकिस्तान के शिकारपुर से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
पुलिस ने हिंदू व्यापारी का मुंडवाया सिर
दरअसल, पाकिस्तान के शिकारपुर में एक हिंदू व्यापारी के साथ वहां की पुलिस ने शर्मसार कर देने वाला दुर्वव्यहार किया है। जानकारी के मुताबिक, शिकारपुर पुलिस ने चुन्नीलाल नाम के एक हिंदू व्यापारी का सिर, मूछ और भौंहे (आईब्रो) मुंडवा दी। बताया जा रहा है कि उस व्यापारी की ये गलती थी कि वो अपने ग्राहक को सूद पर पैसा दे रहा था।
पाकिस्तान: हिंदू मंदिर में तोड़-फोड़, मामला दर्ज
एक सोशल वर्कर एक्टिविस्ट ने ट्वीट कर दी जानकारी
पुलिस की इस शर्मनाक हरकत को सामने लाने का काम किया है वहां के एक सोशल वर्कर एक्टीविस्ट कपिल देव ने, जिसने ये दावा किया है कि शिकारपुर पुलिस ने सूद पर पैसे उधार देनेवाले एक हिंदू व्यापारी का सिर, मूछ और भौंहें मुंड़वां दीं। कपिल देव ने ट्वीट किया, 'शिकारपुर पुलिस ने ग्राहकों को सूद पर पैसा देनेवाले हिंदू व्यापारी चुन्नीलाल का सिर, मूछ और भौंहें मुंड़वा दी। बेशर्म पुलिसवालों ने ऐसा सिर्फ अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सदस्य का अपमान करने के लिए किया। क्या यहां कानून का शासन है?'
पाकिस्तान में लगातार घट रही है हिंदू आबादी
आपको बता दें कि पाकिस्तान में भेदभाव और अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ते अपराधों की वजह से लगातार हिंदू आबादी घटती जा रही है। पाकिस्तान हिंदू काउंसिल की वेबसाइट के मुताबिक मौजूदा समय में पाकिस्तान की कुल आबादी में 4 प्रतिशत हिंदू हैं। पाकिस्तान की आबादी 20 करोड़ है। हाल ही में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ते हिंसा के मामलों पर पाकिस्तान का सुप्रीम कोर्ट भी चिंता व्यक्त कर चुका है। अभी हाल फिलाहल में ही वैसाखी के मौके पर हिंदुस्तान से पाकिस्तान गए एक सिक्ख जत्थे के साथ भी वहां की सरकार ने बदसलूकी की थी। बताया जाता है कि सिक्खों के एक जत्थे को भारतीय राजदूत से मिलने नहीं दिया था। हालांकि पाकिस्तानी सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया था।
हिंदुओं के अलावा अन्य समुदाय के लोगों पर भी होते हैं हिंसक हमले
पाकिस्तान में सिर्फ हिंदू ही नहीं बल्कि सभी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को परेशान किया जाता है। हिंदुओं के अलावा ईसाई, सिख, अहमदिया और हजारा जैसे मजहबी अल्पसंख्यकों पर हिंसक हमले पाकिस्तान में आए दिन होते रहते हैं। एक स्वतंत्र निगरानी समूह की रिपोर्ट में उन पर जुल्म के मुद्दे से निटपने में विफल रहने पर सरकार की आलोचना भी की गई है। मानवाधिकार आयोग ने अपनी रिपोर्ट ‘स्टेट ऑफ ह्यूमन राइट्स इन 2017’ की वार्षिक रिपोर्ट को जारी करने के मौके पर कहा कि पाकिस्तान में लोगों का गायब होना जारी है।