एशिया

दक्षिण चीन सागर में चीन के बाद अब अमरीका ने दिखाया अपना दम

विवादित दक्षिण चीन सागर में चीन के बाद अब अमरीका ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया। अमरीका के 20 F-18 लड़ाकू विमानों ने युद्धपोत से उड़ान भरी
4 min read
• •
Updated: 11 Apr 2018, 6:48 PM IST
china and america

नई दिल्ली : दक्षिण चीन सागर को लेकर अमरीका और चीन के बीच तनाव बढ़ रहा है। विवादित दक्षिण चीन सागर पर चीन के सैन्य अभ्यास करने के बाद अब अमरीका ने भी ताकतवर अभ्यास कर चीन को चेतावनी दे डाली है। खबरों के
मुताबिक मंगलवार को अमरीका ने मजबूत सैन्य अभ्यास के तहत यूएसएस थियोडोर रुजवेल्ट एयरक्राफ्ट वाहक के जरिये 20 एफ-18 लड़ाकू विमान की उड़ान भर कर प्रदर्शन किया। परमाणु ताकत से लैस युद्ध-पोत से करीब 20 मिनट के अंतराल पर ही विमान उड़ान भरकर अपनी मंजिल तक पहुंचे। अमरीका के इस जंगी जहाज के नेतृत्व में एक कैरियर स्ट्राइक ग्रुप ने दक्षिण चीन सागर में गश्त की है। इस सैन्य अभ्यास के बारे में अमरीका की सेना का कहना है कि फिलीपिंस के साथ सुरक्षा संधि की वजह से विवादित दक्षिण चीन सागर में ये नियमित प्रशिक्षण था। रीयर एडमिरल स्टीव कोहेलर ने करीब 3 दशक पुराने युद्ध-पोत से कुछ पत्रकारों को बताया कि, "हमने चारों तरफ चीनी जहाजों को देखा, लेकिन कुछ भी अजीब नहीं दिखा। पेशेवर तरीके से काम किया गया "। कोहलर ने कहा, 'दक्षिण चीन सागर में यह अभ्यास कुछ नया नहीं है बल्कि यह हमारी योजनाभ्यास है या चीन पर हमारी प्रतिक्रिया है। यह संभव है कि दोनों चीजें एक साथ हो रही हैं।' बता दें कि इस सामरिक युद्धमार्ग में अमरीका ही अकेला गश्त नहीं लगाता है। चीन, जापान, और कुछ दक्षिणपूर्व एशियाई नौसेनाएं भी वहां गश्त लगाती रहती हैं। जिससे सागर में तनाव और दुर्घटनाओं के खतरे बने रहते हैं। यहां आप को बता दें कि पश्चिमी प्रशांत सागर में नौसेनाएं, जिसमें चीन और 9 दक्षिण पूर्व एशियाई देश संघर्ष, गतिरोध, आप्रत्याशित भिड़ंत से बचने के लिए एक कोड ( कोड ऑफ अनएक्सपेक्टेड एनकाउंटर्स, CUES ) पर काम कर रही हैं।

चीन के बाद अमरीका ने दिखाया दम
अभी हाल ही में चीन ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए अपने एकमात्र ऑपरेशनल एयरक्राफ्ट कैरियर को नौसैनिक ड्रिल के दौरान दक्षिण चीन सागर में उतारा था। उसके साथ दर्जनों दूसरे युद्धपोत भी थे। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि चीन लगातार अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि हाल ही में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्ट्रैटेजिक स्टडीज ने अपनी एक रिपोर्ट में चेतावनी भी दी थी कि चीन 2020 में लड़ाकू स्टील्थ विमान ( ये विमान रडार की पकड़ में आने से बचने में सक्षम होते हैं ) के जरिए 2020 में अपनी सेवा देने के साथ ही अपनी सैन्य क्षमताओं का विस्तार करके पश्चिम की सैन्य वर्चस्व को चुनौती दे रहा है। अब अमरीका का ये युद्धाभ्यास चीन पर क्रिया की प्रतिक्रिया बताया जा रहा है। समंदर में चीन की सेना की बढ़ती मौजूदगी ने पश्चिमी देशों के माथे पर शिकन ला रखी है। उनकी चिंताएं बढ़ गई है। चीन के विरोध के कारण क्षेत्र में अक्सर तनाव बढ़ जाता है।

क्या है दक्षिण चीन सागर विवाद का इतिहास ?
लगातार चीन अपनी सैन्य ताकत को बढ़ा रहा है। चीन के करीब-करीब सभी पड़ोसियों के साथ सीमा को लेकर मतभेद हैं। दक्षिण चीन सागर कई दक्षिणी-पूर्वी एशियाई देशों से घिरा हुआ है। इनमे चीन, ताइवान, फिलीपींस, मलेशिया, इंडोनेशिया और वियतनाम हैं। दरअसल, 1947 में चीन ने एक नक्शे के जरिए सीमांकन का दावा पेश किया, जिसमें लगभग पूरे इलाके को शामिल कर लिया। कई एशियाई देशों ने इस पर असहमति जताई थी। वर्ष 1982 के संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन द्वारा समुद्र के कानून के अनुसार किसी देश की पहुंच अपने समुद्री तटों से 200 नॉटिकल मील की दूरी तक ही होगी। इस संधि को चीन, वियतनाम, फिलीपींस और मलेशिया सभी ने मंजूर किया लेकिन अमरीका ने नहीं माना। रिपब्लिकन सिनेटर्स ने इसे यह कहते हुए नामंजूर कर दिया था कि इस संधि से समुद्री संचालन में अमरीकी संप्रभुता को खतरा रहेगा। चीन ने दक्षिण चीन सागर में लगभग 7 कृत्रिम द्वीप बनाकर उन पर ऐंटी एयरक्राफ्ट और ऐंटी मिसाइल सिस्टम लगा दिए। उधर अमरीका ने दक्षिण चीन सागर पर सीधे कोई दावा नहीं किया, लेकिन इस क्षेत्र में उसके राजनीतिक और आर्थिक हित जुड़े हुए हैं। अमरीका ने फिलीपींस से पारस्परिक रक्षा संधि करली। फिलीपींस और चीन के बीच कूटनीतिक संबंध नहीं हैं। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण ने फिलीपींस के हक में फैसला दिया। कोर्ट ने कहा था कि चीन के दावों का कोई कानूनी आधार नहीं है। चीन ने कोर्ट के फैसले को मानने से इनकार कर दिया था। दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र पूर्वी एशियाई देशों के बीच तनाव का कारण बना हुआ है।

दक्षिण चीन सागर की भौगोलिक स्थिति
यह चीन के दक्षिण में स्थित एक सीमांत सागर है। प्रशांत महासागर का एक हिस्सा है, सिंगापुर से लेकर ताईवान की खाड़ी तक लगभग 35 लाख वर्ग किमी. में फैला हुआ है। 5 महासागरों के बाद यह विश्व के सबसे बड़े जलक्षेत्रों में से एक है। इस सागर के छोटे-छोटे द्वीपों पर इसके तट से लगते विभिन्न देशों की संप्रभुता की दावेदारी है।

Published on: