आरोपी पति के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है इस आरोप में आरोपी पति को 14 साल जेल की सजा हो सकती है
ढाका। पड़ोसी देश बांग्लादेश से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो बहुत ही हैरान करने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण है। दरअसल, एक सनकी पति ने एक छोटी से बात पर अपनी पत्नी का जबरदस्ती मुंडन कर दिया। हालांकि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पति पर आरोप है कि सुबह के समय जब वह नाश्ता कर रहा था, उस दौरान उसमें एक बाल मिला। जिसके बाद गुस्से में उसने अपनी पत्नी का मुंडन कर दिया।
यह मामला बांग्लादेश में जोयापुरहाट जिले के एक गांव का है। गांव वालों के मुताबिक, सोमवार की सुबह आरोपी 35 वर्षीय बबलू मंडल को उसकी पत्नी ने सुबह के नाश्ते में चावल और दूध दिया था। नाश्ते में एक बाल मिला। इससे वह क्रोधित हो गया और जबरदस्ती अपनी पत्नी के बाल काट दिए।
गांव वालों की शिकायत के बाद जिले के पुलिस अधीक्षक शहरयार खान ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
14 साल की हो सकती है जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बबलू ने नाश्ते में बाल देखने के बाद अपनी पत्नी को आरोप लगाते हुए ब्लेड से उसका जबरदस्ती मुंडन कर दिया।
पुलिस ने कहा कि यह जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने का अपराध है। इस मामले में 14 साल जेल की सजा हो सकती है। आरोपी बबलू पर अपनी 23 वर्षीय पत्नी की 'शील भंग करने' का भी आरोप लगाया गया है।
यह मामला सामने आने के बाद महिला अधिकार समूहों ने विरोध जताया है। महिला कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह घटना बांग्लादेश में महिलाओं के बढ़ते उत्पीड़न का बताने के लिए काफी है।
कार्यकर्ताओं का आगे यह भी कहना है कि हाल के दिनों में देश में बलात्कार के प्रयास की 105 घटनाएं हुई हैं।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.