
काबुल। अफगानिस्तान के पूर्वी खोस्त इलाके में एक अफगान सैन्य अड्डे पर जोरदार विस्फोट की खबर आई है। बताया जा रहा है कि इलाके की मस्जिद पर जुम्मे की नमाज के दौरान हमला किया गया। इसमें कई सैनिकों की मौत हो गई और कई अन्य के घायल होने की खबर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस धमाके में अभी तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है।
विस्फोट में 22 से ज्यादा लोग घायल
रिपोर्ट के मुताबिक विस्फोट में 22 से ज्यादा लोग घायल हो गए। खोस्त प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता तालिबान मंगल ने मारे गए लोगों की पुष्टि की है। बता दें कि अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता गफूर अहमद जावेद की ओर से सिर्फ इतना बयान आया कि इसमें लोग हताहत हुए हैं।
घायलों को काबुल लाने के लिए चार हेलीकाप्टर भेजे गए
मंत्रालय की ओर से जावेद ने कहा कि घटना में हुए कुछ घायलों को प्रांतीय राजधानी खोस्त के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही कुछ अन्य को काबुल लाने के लिए चार हेलीकाप्टर भेजे गए हैं। फिलहाल ये जानकारी नहीं मिल पाई है कि जिस वक्त विस्फोट हुआ मस्जिद में कितने लोग मौजूद थे।
हफ्ते में दूसरा बड़ा हमला
आपको बता दें कि इससे पहले मंगलवार (20 नवंबर) को भी वहां के एक धार्मिक सभा के दौरान आत्मघाती हमला किया गया था। इस घटना में 50 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। साथ ही करीब 80 से अधिक लोग घायल हो गए थे। जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने काबुल में पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिवस पर आयोजित हुए कार्यक्रम में शामिल हुए उलेमा काउंसिल के सदस्यों को निशाना बनाया था।