
लाहौर: पाकिस्तान में खूंखार आतंकी और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को पाकिस्तान के न्यायिक समीक्षा बोर्ड ने हाफिज पर रखी गई नजरबंदी को हटाने का आदेश दे दिया है, जिसके बाद हाफिज सईद को जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा। अपनी रिहाई से पहले हाफिज सईद ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, हाफिज ने इस वीडियो में अपनी इस जीत को पाकिस्तान की जीत बताया है।
'कश्मीर होगा आजाद, भारत कुछ नहीं कर पाएगा'
वीडियो संदेश में हाफिज सईद ने अपने एक बार फिर से अपने कभी न पूरे होने वाले मंसूबे जाहिर कर दिए हैं। उसने कहा कि कश्मीर को जल्द ही आजाद कराया जाएगा और भारत तो मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ये वीडियो संदेश आतंकी संगठन जमात-उद दावा की तरफ से जारी किया गया है। इस वीडियो में हाफिज सईद जजों को धन्यवाद कर रहा है और 'खुदा का शुक्रिया। यह पाकिस्तान की आजादी की जीत है।'
अमरीका ने रखा है 64 करोड़ का ईनाम
आपको बता दें कि मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को इसी साल जनवरी से पाकिस्तान में नजरबंद करके रखा हुआ था। पाकिस्तान में हाफिज सईद एक आम इंसान की तरह खुलेआम घूमता है। अमरीका ने तो हाफिज सईद पर 64 करोड़ रुपये का इनाम भी रखा हुआ है। वहीं हाफिज की रिहाई के आदेश ने भारत की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं। वकील सत्तार साहिल ने कहा, 'पंजाब सूबे की सरकार ने हाई कोर्ट के पैनल से सईद की हिरासत को 60 दिनों के लिए और बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन उसकी याचिका को खारिज कर दिया गया।'
इस बीच पंजाब सरकार के एक सूत्र ने कहा कि सईद को शायद नजरबंदी से रिहा नहीं जाएगा क्योंकि सरकार उसे अन्य मामले में गिरफ्तार करने पर विचार कर रही है। उसका कहना है कि सरकार मौजूदा हालात में सईद की रिहाई का जोखिम नहीं ले सकती है। वह जमात सरगना को रिहा कर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नाराजगी का खतरा मोल नहीं लेना चाहती है।