एशिया

पाकिस्तान: सामने आया हिंदुओं पर अत्याचार का एक और मामला, हॉस्टल में मिला मेडिकल छात्रा का शव

मृतक छात्रा के परिवारवालों ने लगाया हत्या का आरोप छात्रा के भाई के मुताबिक शरीर पर थे कई निशान
2 min read
01_09_2019-suicide_19537762.jpg

इस्लामाबाद। पाकिस्तान से लगातार हिंदुओं के खिलाफ हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। इस बार सिंध प्रांत से एक मेडिकल छात्रा की हत्या की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि लड़की को हॉस्टल में जबरन धर्म परिवर्तन के चलते मौत के घाट उतार दिया गया।

नम्रता के भाई ने कहा- बहन की हत्या

मृतक की पहचान नम्रता चंदानी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक चंदानी पाकिस्तान के घोटकी में मीरपुर मथेलो की निवासी थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि छात्रा ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है, अभी बताना मुश्किल है। लेकिन नम्रता के भाई डॉ विशाल सुंदर ने दावा किया है कि यह आत्महत्या नहीं है उसकी हत्या की गई है।

छात्रा के भाई के मुताबिक, 'मेरी बहन के शरीर के कई हिस्सों पर निशान हैं। ऐसा लगता है कि जैसे किसी ने उसे पकड़ रखा था।' भाई ने मदद मांगते हुए कहा, 'हम अल्पसंख्यक हैं, कृपया हमारे लिए खड़े हों।'

रस्सी से फंदा लगा हुआ मिला शव

आपको बता दें कि चंदानी लरकाना के बीबी आसिफा डेंटल कॉलेज में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि उसके दोस्तों को सुबह हॉस्टल के कमरे में रस्सी से फंदा लगा हुआ शव मिला। दोस्तो ने पहले आवाज दी, जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही डीआईजी ने घटना की जांच के भी आदेश दिए है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

वहीं, डेंटल कॉलेज के वीसी डॉ अनिला अताउर रहमान ने इस मामले पर बयान देते हुए इस आत्महत्या का मामला बताया। उन्होंने कहा कि पहली नजर में यह घटना आत्महत्या लगती है। हालांकि, अभी भी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आते ही मौत के असली कारण का खुलासा होगा।

Updated on:
17 Sept 2019 03:09 pm
Published on:
17 Sept 2019 01:02 pm