
जकार्ता : शुक्रवार को इंडोनेशिया में के आचे प्रांत में शरिया कानून तोड़ने के आरोप में तीन अविवाहित जोड़े यानी छह लोगों को तथा दो सेक्स वर्कर को सार्वजनिक रूप से विशाल भीड़ के सामने कोड़े मारने की सजा दी गई। इन सभी आरोपियों को एक मस्जिद के बाहर विशाल भीड़ के सामने यह सजा दी गई। इन अविवाहित जोड़ों पर विवाह के पहले सार्वजनिक स्थल पर एक-दूसरे को छूने का आरोप सिद्ध हुआ था। वहीं सेक्स वर्कर्स को ऑनलाइन सेक्सुअल सर्विस ऑफर कर शरिया कानून का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया।
मस्जिद के सामने विशाल भीड़ के सामने जब यह सजा दी जा रही थी तो भीड़ उन्हें गालियां दे रही थी और इस सजा की तस्वीरें भी अपने मोबाइल से खींच रही थी।
11 से 22 कोड़े मारने की दी गई सजा
सेक्स वर्कर के आरोप में फंसी महिलाओं को 11-11 कोड़े मारने की सजा मिली थी। इनमें से एक महिला की हालत 5वें कोड़े में ही खराब हो गई। उसने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद उसे थोड़ी देर की राहत दी गई। इस दरमियान उसे पीने के लिए ड्रिंक दिया गया। इसके बाद उसकी फिर पिटाई शुरू की गई। इनमें से तीन अविविाहित जोड़े यानी 6 लोगों पर शादी से पहले एक दूसरे को छूने का आरोप था। आरोप सिद्ध होने के बाद इन्हें 11 से 22 कोड़े मारने की सजा दी गई थी।
आचे के गर्वनर ने कहा था कि सार्वजनिक रूप से न मारे जाएं कोड़े
बता दें कि हाल ही में आचे के गवर्नर ने कहा था कि कोड़े देने की सजा बंद कमरे में होनी चाहिए। उनके इस बयान का यहां काफी विरोध हुआ था। इसके खिलाफ प्रदर्शन भी हुए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बंद कमरे में कोड़े मारने से सजा का प्रभाव कम हो जाएगा।
और भी देशों में दी जाती है ऐसी सजा
ऐसा नहीं है कि सिर्फ इंडोनेशिया के सुमात्रा के द्वीप के पास स्थित आचे में ही ऐसी सजा देने का प्रावधान है। कई खाड़ी देशों में इस तरह की सजा का प्रावधान है। इसके अलावा अफगानिस्तान आदि में भी यह परंपरा जारी है।