एशिया

काबुल आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ISIS ने ली, मरने वालों की तादात हुई 33

काबुल में पारसी नववर्ष के दौरान ये आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 33 लोगों की जान चली गई है।

2 min read
Mar 22, 2018
ISIS claim responsibility

काबुल: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में बुधवार को हुए बम धमाकों में मरने वालों की संख्या 33 पहुंच गई है। घायलों की संख्या भी 65 पार कर गई है। इसके अलावा हमले की जिम्मेदारी भी खूंखार आतंकी संगठन ISIS ने ली है। आपको बता दें कि बुधवार दोपहर को काबुल में जिस वक्त पारसियों का नववर्ष मनाया जा रहा था, उसी दौरान शिया मस्जिद की तरफ जाने वाले रास्ते पर जोरदार बम धमाका हुआ था। ये एक आत्मघाती हमला था, जिसमें हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया था।

शिया मुसलमान थे ISIS के निशाने पर
जिहादी वेबसाइटों पर नजर रखने वाले SITE खुफिया ग्रुप के मुताबिक, ISIS ने ऑनलाइन बयान जारी कर काबुल हमले की जिम्मेदारी ली है। आईएस ने दावा किया कि हमले का लक्ष्य 'नवरोज का जश्न मनाने आए शियाओं को निशाना बनाना था। अफगानिस्तान में पारसी नव वर्ष' नवरोज पर राष्ट्रीय अवकाश होता है और देश के अल्पसंख्यक शिया आमतौर पर जश्न मनाने मस्जिद जाते हैं। आईएस के सुन्नी अतिवादी बार-बार शियाओं को निशाना बनाते हैं।

सुरक्षाकर्मियों की आंख में धूल झोंक मस्जिद के पास पहुंचा हमलावार
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, काबुल पुलिस के प्रमुख ने कहा कि यह हमला साखी मस्जिद से करीब एक किलोमीटर दूर काबुल विश्वविद्यालय और एक सरकारी अस्पताल के नजदीक हुआ जहां पारंपरिक पारसी नववर्ष नवरोज के अवसर पर बड़ी संख्या में अफगान नागरिक एकत्र हुए थे। दाउद ने बताया कि हमलावर सड़क पर स्थित पुलिस जांच चौकी से बच निकलने में सफल रहा। दाउद ने कहा है कि इस लापरवाही की जांच की जा रही है और जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा उसे सजा दी जाएगी।

वहीं संयुक्त राष्ट्र ने काबुल में हुए इस हमले की निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने ऐसे ''निंदनीय कार्यों का षड्यंत्र करने वालों और उन्हें क्रियान्वित करने वालों को जवाबदेह ठहराने की जरूरत को रेखांकित किया है।

Published on:
22 Mar 2018 11:29 am
Also Read
View All