एशिया

कराची में दाऊद के घर के पास हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग, फिर से चर्चा में आया अंडरवर्ल्ड डॉन

सुबह-सुबह तीन-चार आतंकियों ने यहां हमला बोलते हुए गोलीबारी शुरू कर दी थी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2018, 6:43 PM IST
karachi attack near house of daud ibrahim brings him limelight again
कराची में दाऊद के घर के पास हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग, फिर से चर्चा में आया अंडरवर्ल्ड डॉन

कराची। पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली कराची में शुक्रवार की सुबह चीनी काउंसलेट के पास एक आतंकी हमले की खबर आई। जानकारी मिली कि सुबह-सुबह तीन-चार आतंकियों ने यहां हमला बोलते हुए गोलीबारी शुरू कर दी थी। इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई, जिनमें दो पुलिसकर्मी और तीन आतंकी शामिल हैं। ये घटना भारत के लिए भी काफी एहमियत रखती है। इसकी वजह है दाऊद इब्राहिम।

ब्लास्ट वाली जगह से सिर्फ 150 मीटर दूर है दाऊद का घर

दरअसल जहां ये गोलीबारी और धमाके की घटना हुई उस चीनी काउंसलेट के कुछ ही दूरी पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का ठिकाना है। बता दें कि क्लिफ्टन इलाके में ही दाऊद के घर होने की बात कही जाती है और ये चीनी काउंसलेट (ब्लास्ट वाली जगह) से करीब 150 मीटर की दूरी पर ही है। 1993 ब्लास्ट के बाद से ही भारत के लिए मोस्ट वांटेड रहा दाऊद इब्राहिम भारत के सबसे बड़े दुश्मन में से एक माना जाता है।

कराची में ही दाऊद इब्राहिम के कई ठिकाने

भारत के पास दाऊद का फिलहाल जो पता उपलब्ध है वो 'डी 13, ब्लॉक-4, कराची डेवलपमेंट अथॉरिटी, स्कीम-5, क्लिफ्टन कराची' है। हालांकि इसके अलावा कराची में ही दाऊद इब्राहिम के कई ठिकाने हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दी हुई जानकारी के मुताबिक क्लिफ्टन इलाके में ही इस ठिकाने के अलावा दाऊद के दो और घर हैं। लेकिन पाकिस्तान ने कभी भी इस बात को नहीं माना है कि दाऊद कराची में ही रहा है।

दो बम धमाकों से दहला पाक

आपको बता दें कि पाकिस्तान के कराची में मौजूद चीनी काउंसलेट के बाहर के हमले के अलावा एक और धमाका हुआ है। ये धमाका वहां के खैबर पख्तूनख्वा में हुआ। इसमे करीब 30 लोगों की मौत और 40 के घायल होने की जानकारी मिल रही है। प्रधानमंत्री इमरान खान ने विस्फोट की निंदा की और लोगों का मूल्यवान जीवन खत्म होने पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'हम शहीदों के सर्वोच्च सम्मान के लिए प्रार्थना करते हैं और उनके परिवारों के लिए सहानुभूति व्यक्त करते हैं।' उन्होंने कहा कि घायलों के लिए बेहतरीन चिकित्सा सुविधाओं के आदेश दिए गए हैं।

Published on: