
नई दिल्ली। सनकी तानाशाह के नाम से दुनियाभर में संबोधित किए जाने वाले उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग यूं तो कई कारणों से सुर्खियों में बने रहते हैं। लेकिन आज खबर उनकी निजी जिंदगी को लेकर है। दरअसल उन ने हाल ही में अपनी पत्नी को फर्स्ट लेडी का दर्जा दिया है। इसके चलते नेशनल मीडिया अब उन्हें फर्स्ट लेडी कहकर संबोधित कर रहा है। इससे पहले उनकी पत्नी री सोल जू को 'His wife, कॅामरेड री सोल जु' कहकर संबोधित किया जाता था। पति के सुर्खियों में रहने के बावजूद री सोल जू के बारे में दुनिया को कम ही पता है।
उत्तर कोरिया की छवि एक प्रगतिशील और सामान्य राष्ट्र की तरह स्थापित करना चाह रहे किम
अपने पति से स्वभाव में विपरीत यंग और चीयरफुल री सोल जू को यह दर्जा साउथ कोरिया और अमरीका के साथ होने वाले आगामी बैठक को ध्यान में रखकर दिया गया है। री सोल जू की फर्स्ट लेडी की पहचान की घोषणा उत्तर कोरिया की बड़ी एंकर री चुन ही ने की। बताया जा रहा है कि अपने इस फैसले से किम उत्तर कोरिया की छवि एक प्रगतिशील और सामान्य राष्ट्र की तरह स्थापित करना चाह रहे हैं। दरअसल ट्रंप की पत्नी मेलानिया को अमरीका में इसी टाइटिल से नवाजा गया है और किम किसी भी मामले में ट्रंप से पीछे नहीं रहना चाहते। इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी को भी यह टाइटल दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर कोरिया में आखिरी बार 1974 में वहां के फाउंडर किम टू संग की पत्नी किम सॉन्ग ऐ को फर्स्ट लेडी का दर्जा मिला था।
गायिका रह चुकी हैं री
बता दें कि किम की पत्नी बनने से पहले री सोल जू पहले गायिका रह चुकी हैं। हालांकि अब उनका किरदार सिर्फ किम की पत्नी तक ही सिमट कर रह गया है। यही वजह है कि उन्हें अधिकांश समय अपने पति किम या उनकी बहन यो जंग के साथ ही देखा गया है। यहां तक कि री किम के पहले विदेशी दौरे के समय भी उनके साथ गई थी।
1 बेटी समेत 3 बच्चे हैं री-किम के
मीडिया रिपोर्ट में कहा जाता है कि री का जन्म एक आम परिवार में हुआ है। 29 वर्षीय री की 1 बेटी समेत 3 बच्चे हैं। री ने बचपन में चीन में म्यूजिक स्कूल अटैंड किया था इसके अलावा री ने 2005 में एक इंटरनेशनल प्रतियोगिता एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशीप में एक चीयरलीडर के रूप में साउथ कोरिया का दौरा किया था। कहा जाता है कि किम ने 2009 या 2010 में सुप्रीम लीडर बनने से पहले री से शादी की थी।