
माले। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह इन दिनों जनता के बीच हैं। वह इतने खुले मन से जनता से मिल रहे हैं कि लोग उनके व्यवहार से गदगद हो गए हैं। ऐसा ही नजारा रविवार को देखने को मिला। राष्ट्रपति बच्चों संग बॉक्सिंग रिंग में उतर आए। यहीं नहीं बच्चों के टेनिस बॉल को हिट किया। हाल ही में राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले इब्राहिम सोलिह स्पोर्ट्स फेस्टिवल के आयोजन पर पहुंचे। यहां वह बच्चों के साथ खेलते नजर आए। इसमें उनका साथ उप-राष्ट्रपति फैसल नासिम ने दिया जो खुद भी बच्चों के साथ खेलते दिखे। गौरतलब है कि हाल में हुए चुनाव में सोलिह ने अब्दुल्ला यामीन को हराकर बड़ी जीत हासिल की है। सोलिह को भारत का करीबी माना जाता है।
वीडियो और तस्वीरें शेयर की गई
राष्ट्रपति कार्यालय की तरफ इस संबंध में वीडियो और तस्वीरें शेयर की गई हैं। ट्विटर पर जारी वीडियो में लिखा गया कि राष्ट्रपति सोलिह अच्छा पंच मार सकते हैं। दोनों ने बच्चों संग फुटबॉल,टेनिस,शूटिंग और बॉक्सिंग में हाथ आजमाया। उल्लेखनीय है कि सोलिह ने राष्ट्रपति चुनाव में अब्दुल्ला यामीन को हराया है,जिन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को या तो जेल भेज दिया था या फिर उनके कारण उनके विरोधियों को निर्वासन में रहना पड़ रहा था। सोलिह ने विदेशी मेहमानों और देश के कई गणमान्य अतिथियों के बीच शनिवार को राष्ट्रपति पद की शपथ ली है।