आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू के साथ पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और कपिल देव को भी इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह का में हिस्‍सा लेने का औपचारिक न्योता मिला है
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पूर्व क्रिकेटर और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पाकिस्तान पहुंच गए हैं। उनके जाने को लेकर हिंदुस्तान में काफी विवाद भी हुआ था, लेकिन विवादों की अनदेखी करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शुक्रवार को पाकिस्तान पहुंच गए।
अटल जी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए सिद्धू
उनके पाकिस्तान जाने से एक विवाद और खड़ा हो सकता है। दरअसल, जहां एक तरफ अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम संस्कार में सत्ता पक्ष ही नहीं बल्कि विपक्ष के भी तमाम बड़े नेता शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे, उस समय सिद्ध पाकिस्तान के लिए वाघा बॉर्डर क्रॉस कर रहे थे।
पाकिस्तान पहुंचे सिद्धू
आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू अटारी-वाघा बॉर्डर से पाकिस्तान में दाखिल हुए। पाकिस्तान में दाखिल होते ही सिद्धू ने वहीं की मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि वो सद्भावना दूत के रूप में पाकिस्तान आए हैं। उनके इस दौरे से दोनों देशों के संबंधों में जरूर सुधार होगा। सिद्धू ने कहा, 'मैं एक सद्भावना दूत के रूप में पाकिस्तान जा रहा हूं। मैं इस उम्मीद के साथ वहां जा रहा हूं कि हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार होगा।’
कपिल देव और गावस्कर को भी मिला था न्योता
आपको बता दें कि पूर्व क्रिकेटर और पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के साथ पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और कपिल देव को भी इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह का में हिस्सा लेने का औपचारिक न्योता मिला है, लेकिन इनके अभी तक पाकिस्तान जाने की कोई खबर नहीं है।
पाक मीडिया से कहा, सद्भावना दूत बनकर आया हूं
वहीं पाकिस्तान पहुंचने के बाद पाक मीडिया से बात करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, ‘मैं राजनीतिक व्यक्ति के रूप में यहां नहीं आया हूं। मैं प्यार, अमन और खुशहाली का सद्भावना दूत बनकर अपने दोस्त के पास आया हूं।’ उन्होंने कहा , ‘मैंने खान साहब को खेलते दौरान बहुत देखा है कि कैसे वह अपनी कमजोरी को ताकत में बदल लेते थे, पाकिस्तान को आज इसकी जरूरत है।’
इमरान के लिए कश्मीरी शॉल लेकर गए सिद्धू
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनने जा रहे इमरान खान के लिए भारत से नवजोत सिंह सिद्धू एक खास भेंट भी लेकर पहुंचे हैं। इमरान के लिए तोहफे के सवाल पर सिद्धू ने कहा, ‘मैं इमरान के लिए एक कश्मीरी शॉल लेकर आया हूं, जो मोहब्बत का प्रतीक है। उन्होंने कहा, 'यह शॉल मुझे भी बहुत पसंद है, इसलिए इसे लेकर मैं आया हूं।'
सिद्धू को लेकर विवाद पर सीएम ने की थी टिप्पणी
आपको बता दें कि सिद्धू के पाकिस्तान जाने को लेकर हिंदुस्तान में काफी विवाद हुआ था, जिसे दरकिनार करते हुए वो पाकिस्तान पहुंच गए हैं। उनको लेकर हो रहे विवाद पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी कहा था कि वो दोस्ती के नाते ही पाकिस्तान जा रहे हैं। अमरिंदर सिंह ने कहा कि इमरान खान, कपिल देव और नवजोत सिंह सिद्धू किसी समय इकट्ठे क्रिकेट खेले है, जिस कारण उनकी आपस में दोस्ती है।