एशिया

पाक पीएम इमरान खान की बेगम के लिए समय पर दरवाजा नहीं खोला, 20 अफसर नपे

बुशरा 20 फरवरी को प्रशासन को सूचित किए बिना पंजाब के पाकपट्टन जिले में बाबा फरीद की दरगाह पर गई थीं।
less than 1 minute read
Bushra Bibi
पीएम इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी।

लाहौर। पाकिस्तान के पीएम इमरान खान (Imran Khan) की पत्नी बुशरा बीबी (Bushra Bibi) के लिए तय प्रोटोकॉल का पालन न होने पर कई अफसरों पर गाज गिरी है। इस मामले में करीब 20 सरकारी अधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया गया। बुशरा 20 फरवरी को प्रशासन को सूचित किए बिना पंजाब के पाकपट्टन जिले में बाबा फरीद की दरगाह पर गई थी। मगर धर्मस्थल की सुरक्षा के लिए तैनात कर्मी ने बेहेशट्टी दरवाजा नहीं खोला। इससे बुशरा काफी नाराज हो गई थीं।

पंजाब के औकाफ विभाग के मुख्य प्रशासक गुलजार हुसैन शाह ने कहा कि जब बेहेशेट्टी दरवाजा (स्वर्ग का दरवाजा) तुरंत उनके लिए नहीं खोला तो वह नाराज हो गईं। उन्होंने कहा कि पाकपट्टन जिलों में तैनात कुछ कर्मचारियों को विभागीय प्रशासनिक मामलों में लापरवाही दिखाने के कारण स्थानांतरित कर दिया गया है।

बुशरा बेगम को लेकर पाकिस्तान में खूब चर्चा होती रही है। लोगों का कहना है कि बुशरा तंत्र-मंत्र और जादू-टोने में माहिर हैं। बुशरा बेगम इमरान की दूसरी पत्नी रहीं रेहम खान के निशाने पर रही हैं। रेहम खान ने एक किताब में बुशरा बीबी के काले जादू-टोने का ज़िक्र किया था।

पाकिस्तान में बुशरा बीबी को ‘पिंकी जादूगरनी’ के नाम से जाना जाता है. उनके काले जादू की अफवाहों से पाकिस्तान में चर्चा का बाज़ार गर्म रहता है। यही नहीं उन्हें लेकर ये तक दावा किया गया कि बुशरा बीबी की शक्ल आईने में दिखाई नहीं देती है। तो कुछ लोगों ने ये भी अफवाह फैलाई कि बुशरा बीबी के पास दो जिन्नात भी हैं।

Updated on:
24 Feb 2020 04:58 pm
Published on:
24 Feb 2020 09:47 am