
कराची। पाकिस्तान ( Pakistan ) में एक बहुत बड़ा विमान हादसा ( Plane crash ) हुआ है। लाहौर ( Lahore ) से कराची ( Karachi ) जा रहा पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस ( Pakistan International Airlines ) का एक पैसेंजर विमान कराची एयरपोर्ट ( Karachi Airport ) से कुछ ही दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि इस विमान में क्रू मेंबर समेत 107 यात्री सवार थे, जिनको लेकर अभी किसी तरह की कोई जानकारी नहीं मिल रही है। बताया जा रहा है कि ये विमान कराची के एक रिहायशी इलाके में क्रैश हुआ है।
रिहायशी इलाके के घरों में लगी आग
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये हादसा इतना भयानक है कि इलाके में चारों तरफ काले धुंए का बड़ा सा गुबार देखने देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, ये हादसा कराची के जिन्ना गार्डन इलाके में हुआ है। हादसे के बाद विमान का मलबा कई घरों के उपर गिरा है, जिससे की वहां घरों में आग लग गई है। एहतियात के तौर पर कराची एयरपोर्ट को बंद कर दिया है। मौके पर सेना और डॉक्टरों की टीम पहुंची है, जो राहच बचाव का काम कर रही है।
प्लेन के व्हील नहीं खुलने की वजह से हुआ हादसा
पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की विमान संख्या पीके -303 98 यात्रियों को लेकर लाहौर से कराची जा रहा था, जो मलिर में मॉडल कॉलोनी के पास जिन्ना गार्डन इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे से पहले पायलट ने कंट्रोल रूम में भी संपर्क साधा था। उसने बताया था कि प्लेन का व्हील नहीं खुल पा रहा है, जिसकी वजह से लैंडिंग नहीं हो पाई और विमान दुर्घनाग्रस्त हो गया। पायलट ने कहा था कि विमान का एक इंजन फेल हो गया है। इस विमान को ईद के मौके पर स्पेशल तौर पर चलाया गया था।
इमरान खान ने हादसे पर जताया दुख
हादसे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ने ट्वीट कर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है, "मैं पीआईए प्रमुख के संपर्क में हूं, जो कराची के लिए रवाना हो गए हैं। राहत की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। अभी राहत बचाव का काम पहली प्राथमिकता है। इस हादसे की जांच के आदेश दिए जाएंगे।
सोशल मीडिया पर इस विमान में सवार यात्रियों की एक लिस्ट वायरल हो रही है। हालांकि पत्रिका न्यूज इस लिस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
बीबीसी न्यूज की एक वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान का मलबा किस कदर घरों पर और नीचे खड़ी गाड़ियों पर गिरा है। गाड़ियों में भी आग लग चुकी है। वहीं इलाके में काले धुंए का गुबार छा गया है।