एशिया

पाकिस्तानी पीएम का बयान, भारत के पास हाफिज सईद के खिलाफ नहीं हैं पर्याप्त सबूत

पाकिस्तानी पीएम शाहिद खकान अब्बासी ने विदेश मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा है कि भारत के पास हाफिज के खिलाफ सबूत हैं तो अंतर्राष्ट्रीय फोरम में जाएं

2 min read
Dec 01, 2017
Shahid Khaqan abbasi
Shahid Khaqan abbasi

नई दिल्ली: एक तरफ तो हाफिज सईद की रिहाई को लेकर भारत और अमरीका समेत दुनिया के अन्य देश इसका विरोध कर रहे हैं, तो वहीं पाकिस्तान के हुक्मरानों को ये बात हजम नहीं हो रही है कि हाफिज सईद की रिहाई का आखिर विरोध क्यों किया जा रहा है। हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व जनरल परवेज मुशर्रफ ने भी खुद को हाफिज सईद और लश्कर-ए-तैयबा का सबसे बड़ा समर्थ बताया था और अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का हाफिज के लिए प्रेम सामने आया है।

भारत के पास नहीं है पर्याप्त सबूत- PAK पीएम
दरअसल, विदेशी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में पाकिस्तान के पीएम शाहिद खकान अब्बासी ने हाफिज सईद का बचाव करते हुए भारत पर निशाना साधा है। पूरे दुनिया जानती है कि 26/11 मुंबई हमले में हाफिज सईद मास्टरमाइंड था और इससे संबंधित सबूत भारत कई बार पाकिस्तान को दे चुका है, लेकिन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का ये कहना है कि भारत के पास हाफिज सईद के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं। अब्बासी ने इंटरव्यू में कहा है कि अगर भारत के पास सबूत हैं भी तो वो अंतर्राष्ट्रीय फोरम में जा सकता है।

सबूतों के अभाव में ही हाफिज हुआ है रिहा- अब्बासी
पीएम अब्बासी ने आगे कहा कि हाफिज के खिलाफ सबूत न होने की वजह से लाहौर हाई-कोर्ट ने उसे (हाफिज सईद) रिहा किया है और कोर्ट के आदेश पर ही हमें हाफिज को छोड़ना पड़ा है। अब्बासी ने कहा कि हाफिज को लेकर हाईकोर्ट के तीन जजों की बेंच सुनवाई कर रही थी। कोर्ट ने यह कहते हुए उसे रिहा करने का आदेश दिया कि उसके खिलाफ लगाए गए कोई भी आरोप साबित नहीं हुए हैं।

भारत की तरफ से नहीं आया कोई जवाब
अपने इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत ने अभी तक हाफिज के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं दिए हैं, अगर उनके पास सचमुच ही कोई सबूत है तो वो अंतर्राष्ट्रीय फोरम में जा सकते हैं। वहीं पाकिस्तानी मीडिया में भी हाफिज सईद को हीरो बनाया हुआ है। वहीं जब इस बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार से बात की गई तो उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं कहा।

कोई सबूत दे दो हम कार्रवाई करेंगे- अब्बासी
वहीं पाक के क्रास बॉर्डर टेररिज्म के बढ़ावा दिए जाने पर उन्होंने कहा कि हमने अमेरिका से कहा है कि हक्कानी नेटवर्क के खिलाफ अगर उनके पास कोई सबूत है तो वो दें, हम जरूर उसके खिलाफ एक्शन लेंगे। पीएम अब्बासी ने कहा कि अगर पाकिस्तान की धरती पर होने वाले आतंक के खिलाफ हमें कोई भी सबूत देता है तो आगे बढ़कर उसके खिलाफ कार्यवाही करेंगे और वो हमारा युद्ध होगा, उनका नहीं।

Published on:
01 Dec 2017 10:01 am