इस नोटिस में लड़का-लड़की के साथ घूमने को गैर-इस्लामिक बताया गया है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में इस्लाम का हवाला देते हुए एक यूननिवर्सिटी में लड़के और लड़कियों के एकसाथ घूमने पर बैन लगा दिया गया है। ये अजीबोगरीब फरमान खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के चारसद्दा में मौजूद बाचा खान यूनिवर्सिटी में लागू हुआ है। यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट चीफ प्रॉक्टर फरमुल्लाह ने लड़के और लड़कियों के एकसाथ विश्वविद्यालय परिसर में साथ घूमने-फिरने और बैठने पर रोक लगाने का नोटिस जारी किया है। नोटिस में लड़का-लड़की के एक साथ घूमने को 'कपलिंग' कहकर उस पर पाबंदी लगाई गई है।
गैर-इस्लामिक है लड़का-लड़की का साथ घूमना!
आपको जानकर हैरानी होगी कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ये फरमान इस्लाम धर्म का हवाला देकर दिया है। नोटिस में कहा गया है कि इस तरह की साथ घूमने वाली गतिविधियां गैर-इस्लामिक हैं। वहीं यूनिवर्सिटी ने ये भी कहा है अगर लड़का-लड़की एक साथ में घूमते हुए पकड़े जाते हैं, तो इसकी शिकायत उनके माता-पिता तक पहुंचाई जाएगी। इस जुर्म के लिए उन्हें भारी जुर्माना भी भरना पड़ सकता है।
इससे पहले लाहौर में भी जारी हुआ था ऐसा नोटिस
जब से ये नोटिस जारी किया गया है तभी से इसकी भयंकर आलोचना हो रही है। विरोध-प्रदर्शन के जरिए इस नोटिस को वापस लिए जाने की मांग की जा रही है। वहीं कुछ ऐसे भी लोग दिखे, जो इस फैसले के पक्ष में थे। पाकिस्तान में इस तरह का नोटिस कोई नई बात नहीं है। इससे पहले लाहौर में मौजूद यूनिवर्सिटी ऑफ इंजिनियरिंग ऐंड टेक्नॉलजी के कॉलेज कैंटीन में छात्र और छात्राओं को एक साथ बैठने से रोक दिया गया था। यूनिवर्सिटी के इस फैसले के बाद लोगों ने इसका जबरदस्त विरोध किया था और सोशल मीडिया पर भी आलोचना की थी। कड़े विरोध के बाद प्रबंधन ने अपने उस नोटिस को वापस ले लिया था।