पाकिस्तानी पीएम खाकान अब्बासी ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा हैकि हाफिज के खिलाफ कोई व्यक्तिगत केस हो तभी तो कोई कार्रवाई होगी।
नई दिल्ली: आतंकवाद पर सख्ती करने के बजाए उसे पालने-पोसने के लिए पाकिस्तान पूरी दुनिया में कई बार बेनकाब हो चुका है। भले ही पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन हो जाए, लेकिन नेताओं की फितरत आतंक को पालने की नहीं जाती है। इसी बीच आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का चेहरा का एक बार फिर से बेनकाब हो गया है। दरअसल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा है कि हाफिज सईद पर पाकिस्तान में किसी भी तरह का कोई केस दर्ज नहीं है।
'हाफिज के खिलाफ कोई केस हो तभी तो कार्रवाई करेंगे'
इतना ही नहीं खाकान अब्बासी ने भारत के मोस्ट वॉन्टेड आतंकी और मुंबई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद को लेकर इंटरव्यू के दौरान काफी तहजीब दिखाई है। अब्बासी ने इंटरव्यू के दौरान कई बार हाफिज सईद को 'साहेब' कहकर संबोधित किया है। इससे ये साफ है कि आतंकवाद और खासकर हाफिज सईद को लेकर पाकिस्तान का रूख कभी नहीं बदलने वाला है। अब्बासी ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि 'हाफिज़' साहेब के खिलाफ कोई भी केस नहीं है। उन्होंने कहा कि हाफिज सईद के खिलाफ तभी तो कोई कार्रवाई की जा सकती है, जब उनके खिलाफ कोई व्यक्तिगत मामलो हो, जब उनके खिलाफ पाकिस्तान में कोई केस ही नहीं है तो ऐसे में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कैसे कर सकते हैं।
भारत से हम हर मुद्दे पर बातचीत करना चाहते हैं- अब्बासी
हालांकि इंटरव्यू के दौरान दौरान अब्बासी ने भारत के साथ सभी मसलों को सुलझाने के लिए बातचीत को ही सही रास्ता बताया। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा परिस्थितियों में कोई युद्ध नहीं हो सकता है और हम तो भारत के साथ बातचीत करने के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान के सीपीईसी प्रोजेक्ट पर भारत अपना प्रोपेगेंडा अपना रहा है।
अमरीका ने पाकिस्तान की रोक दी थी आर्थिक मदद
आपको बता दें कि पीएम अब्बासी का ये बयान ऐसे में वक्त आया है, जब हाल ही में अमरीका ने पाकिस्तान पर आतंकवादियों पर कार्रवाई करने के लिए दबाव डाला था और सभी तरह की आर्थिक मदद को रोक दिया था। लेकिन अमरीका की इस कार्रवाई का भी पाकिस्तान पर कोई असर नहीं पड़ा है। अमरीका ने पाकिस्तान पर हाफिज सईद समेत तमाम आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहते हुए उसको दी जाने वाली सभी आर्थिक मदद को रोक दिया था।