पाकिस्तान में नई सरकार चुनने के लिए करीब 106 मिलियन पंजीकृत मतदाता अपना वोट देंगे। 272 राष्ट्रीय और 577 प्रांतीय असेंबली सीटों के लिए लगभग 12 हजार उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
लाहौर। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष और शहबाज शरीफ ने बुधवार को मतदाताओं से आग्रह किया कि वे समय बर्बाद न करें और पाकिस्तान के बेहतर भविष्य के लिए अपने वोट डाले। लाहौर के मॉडल टाउन में अपना वोट डालने से पहले मीडिया के साथ बातचीत करते हुए शहबाज ने कहा कि चुनाव अभियानों के दौरान पार्टी द्वारा किए गए वादों को जरूर पूरा किया जाएगा।
वोट बदलेगा पाकिस्तान की किस्मत
शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान की आवाम से अपील की कि वह पाकिस्तान की किस्मत बदलने के लिए वोट करें। उन्होंने कहा "अपना समय बर्बाद मत करो। अपने घरों से बाहर निकलें और अपना वोट डालें। हम लोगों की शक्ति के माध्यम से इस देश की नियति बदल देंगे।" उन्होंने कहा कि अगर हम सत्ता में आ जाएंगे, तो हम गरीबी खत्म कर देंगे, हर किसी को शिक्षा देंगे, लाखों घरों और बांध का निर्माण करेंगे।"
पाकिस्तान में वोटिंग जारी
पाकिस्तान में नई सरकार चुनने के लिए करीब 106 मिलियन पंजीकृत मतदाता अपना वोट देंगे। 272 राष्ट्रीय और 577 प्रांतीय असेंबली सीटों के लिए लगभग 12 हजार उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन चुनावों के लिए आठ लाख चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों के हजारों जवान इन चुनावों को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए तैनात किये गए हैं।
चुनावों में हिंसा और आतंकवादी हमलों के डर को ध्यान में रखते हुए पेशावर के डिप्टी कमिश्नर ने 1000 कफन की व्यवस्था की है।
मतदान केंद्रों पर लम्बी कतारें
वोटिंग शुरू होते ही पाकिस्तान की जनता सड़कों पर निकली है। हालांकि अभी मतदान धीमा है लेकिन इसके तेजी पकडने की संभावना है। आतंकवाद से जूझ रहे पेशावर में बड़ी संख्या में महिलाएं वोट डालने के लिए बाहर निकलीं। लाहौर और कराची में चुनाव में गड़बड़ी हुई। इन दोनों शहरों के कुछ मतदान केंद्रों पर चुनाव वक़्त पर शुरू नहीं हो सका। सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के एक बयान के मुताबिक पाकिस्तान के चुनाव आयोग (ईसीपी) को चुनाव कम दौरान जरूरी सहायता प्रदान करने के लिए सैनिक तैनात किए गए हैं।