श्रीलंका में रविवार को ईस्टर के मौके पर हुए थे सिलसिलेवार आठ धमाके। धमाकों में 300 से अधिक लोगों की मौत। क्राइस्टचर्च की मस्जिद में हुए हमले का बदला लिया
कोलंबो।श्रीलंका में रविवार को हुए सीरियल बम धमाकों की जिम्मेदारी अब आतंकी संगठन इस्लामिक इस्टेट ( आईएस ) ने ले ली है। रॉयटर्स ने अमाक न्यूज एजेंसी के हवाले से बताया है कि आईएस ने श्रीलंका में हुए सीरियल धमाकों को अंजाम दिया है। बता दें कि धमाके किसने किए, इस संंबंध में पहले कयास लगाए जा रहे थे। श्रीलंकाई सरकार और जांच एजेंसियों ने दावा किया था इसमें श्रीलंकाई मुस्लिम कट्टरपंथी संगठनों का हाथ है। मंगलवार को श्रीलंका के उप रक्षामंत्री ने दावा किया था कि इस हमले के पीछे न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में हुए हमले का बदला था।
दुनिया भर में हमले की निंदा
बता दें कि बीते रविवार को ईस्टर के मौके पर श्रीलंका के तीन चर्चों और पांच होटलों में एक के बाद एक सीरियल धमाकों को अंजाम दिया गया था। इस धमाके में 300 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 500 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस हमलों की पूरी दुनिया ने निंदा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना से फोन पर बात की थी और अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए यह भरोसा दिया कि आतंक की लड़ाई में भारत हमेशा श्रीलंका के साथ है। वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की थी और कहा था कि वह लगातार मामले पर निगाह रखे हुए हैं। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपनी संवेदना जाहिर करते हुए घटना की निंदा की थी। पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान खान ने कहा ईस्टर से पहले इस तरह के हमले की वे निंदा करते हैं, हमारी संवेदना श्रीलंका के साथ है। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने लिखा था 'श्रीलंका के होटलों और चर्चों में किया गया हमला बहुत ही दुखद है। इस दुख की घडी़ में ब्रिटेन श्रीलंका के साथ है।' इसके अलावा इजरायल, ईरान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, टर्की, युरोपियन यूनियन, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, स्पेन आदि तमाम देशों ने कड़े शब्दों में इस घटना की निंदा करते हुए श्रीलंका के साथ अपनी सहानुभूति जताई थी।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.