श्रीलंका बम ब्लास्ट में हुआ अहम खुलासा बेंगलूरु और केरल की भी यात्रा की आतंकी संगठनों से संपर्क साधना था मकसद
कोलंबो।श्रीलंका में बीते माह बम धमाकों को लेकर एक जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि इसे अंजाम देने वाले आतंकियों ने केरल और कश्मीर की यात्रा की थी। आशंका जताई जा रही है कि इन आतंकियों ने अपनी योजना यहीं तैयार की थी। इसकी पुष्टि श्रीलंकाई सेना ने की है। श्रीलंका सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल महेश सेनानायक का कहना है कि ये आतंकियों ने भारत के बंगलूरू, कश्मीर और केरल की यात्रा की।
आतंकी संगठनों से संपर्क साधना था
उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मकसद देश के बाहर आतंकी संगठनों से संपर्क साधना था। इस तरह से आतंकी संगठन अपनी योजना को पुख्ता बनाने में लगे थे। इसे लेकर भारतीय एजेंसियों ने बीते दिनों छापे भी मारे थे। इस छापे में एनआईए ने तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया था। दूसरी तरफ भारतीय अधिकारियों का कहना है कि अगर यह सूचना पहले ही साझा हो जाती, तो यह बड़ा हादसा टल सकता था। अभी तक भारतीय जांचकर्ताओं ने श्रीलंका धमाकों में कश्मीरी लिंक का जिक्र नहीं किया था।
इस्लाम को हिंसक रूप में प्रचारित किया
भारतीय अधिकारियों के अनुसार श्रीलंका धमाकों का मुख्य संदिग्ध जोकि इस्लामिक उपदेशक मौलवी जहरान बिन हाशिम है, उसने भारत यात्रा की थी। वह श्रीलंका में नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) का नेता था। भारतीय अधिकारियों ने हाशिम की भारत यात्रा से जानकारी साझा करने से मना कर दिया है। हाशिम शुरुआत में तमिलनाडु तौहीद जमात (टीएनटीजे) के साथ जुड़ा था। इसके बाद उसने टीएनटीजे से नाता तोड़कर एनटीजे की स्थापना की। जहां उसने इस्लाम के हिंसक स्वरूप के बारे में प्रचारित करना शुरू कर दिया।
विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..