
काबुलः तालिबान ने सोमवार को अफगानिस्तान के लोगों से देश में आगामी संसदीय चुनावों का बहिष्कार करने की अपील की। तालिबान ने इसे विदेशी सैनिकों की मौजूदगी को वैध बनाने का प्रयास करार दिया है। तालिबान ने एक बयान में कहा, "इस्लामी अमीरात व्यापक रूप से राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए और विदेशी कब्जाधारियों के दुर्भावनापूर्ण उद्देश्यों को पूरा के लिए होने वाली इस महत्वपूर्ण और निर्णायक प्रक्रिया को रोकने के लिए इस चुनाव की पूरी प्रक्रिया का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का राष्ट्र से आह्वान करता है। इसमें भाग ना लें ताकि इसे कोई मूल्य और विश्वसनीयता हासिल ना हो।"
विदेशी ताकतों के खिलाफ लड़ाई का आह्वान
तालिबान की तरफ से कहा गया, "बाहरियों के आधिपत्य वाले देशों में चुनावों की फर्जी प्रक्रिया इनकी कठपुतलियों को वैध बनाने के एकमात्र उद्देश्य के लिए की जाती है ताकि कब्जा करने वालों को वैध बनाया जा सके। इसके लिए लोगों को भ्रामक भावना दी जाती है कि उन्हें वोट देने का स्वतंत्र अधिकार है।" बता दें कि हालिया महीनों में अफगानिस्तान में दर्जनों चुनाव अधिकारियों, उम्मीदवारों और मतदाताओं पर हमले हुए हैं। नांगरहार प्रांत में एक चुनावी रैली में हुए आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 30 अन्य घायल हो गए।
20 अक्टूबर को होगा मतदान
अफगानिस्तान में बहुप्रतीक्षित संसदीय और जिला परिषद चुनावों के लिए चुनाव अभियान का आगाज हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान की संसद की 249 सीटों के लिए मतदान 20 अक्टूबर को होगा, जिसमें देश के 34 प्रांतों में से 33 प्रांत (गजनी को छोड़कर) से करीब 2,691 उम्मीदवार चुनाव मैदान में होंगे। इस बीच, कथित तौर पर अफगानिस्तान के निर्वाचन आयोग ने जिला परिषदों के लिए महिला उम्मीदवारों के अभाव समेत कई कारणों से गजनी प्रांत में चुनाव टाल दिया है। बता दें कि अफगान चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव प्रचार अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।