एशिया

कंबोडिया में मुख्य विपक्षी पार्टी के बगैर हुआ मतदान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई निंदा

कंबोडिया में रविवार को आम चुनाव के लिए वोट डाले गए। इस चुनाव का मुख्य विपक्षी पार्टी ने बहिष्कार किया।

2 min read
hun sen
कंबोडिया में मुख्य विपक्षी पार्टी के बगैर हुआ मतदान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई निंदा

नोमपेन्ह। कंबोडिया में आम चुनाव के लिए रविवार सुबह से ही मतदान शुरू हो गया। कंबोडिया के कुल 83 लाख लोगों ने 125 संसदीय सीटों के लिए यहां अपराह्न् तीन बजे तक मतदान किया। कंबोडियन पीपुल्स पार्टी(सीपीपी) के नेता और मौजूदा प्रधानमंत्री हून सेन ने कंडाल प्रांत के टखमाऊ में सुबह मतदान किया। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं ने वोट किया। चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 23 हजार मतदान केंद्र बनाए थे। मतदाताओं की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए थे। इस बार चुनाव में देश के मौजूदा प्रधानमंत्री हून सेन के समक्ष किसी मुख्य विपक्षी पार्टी की चुनौती नहीं है।

फिर से सत्ता में लौट सकते हैं हून सेन
सर्वोच्च न्यायालय ने 2017 में मुख्य विपक्षी पार्टी कंबोडियन नेशनल रेस्क्यू पार्टी(सीएनआरपी) पर प्रतिबंध लगा दिया था। पार्टी पर सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए विदेशी लोगों के साथ षड़यंत्र रचने का आरोप था। सीएनआरपी ने इस चुनाव के बहिष्कार की अपील की थी। मुख्य विपक्षी पार्टी का चुनाव बहिष्कार से मौजूदा प्रधानमंत्री हून सेन की राह आसान हो गई है। 19 उम्मीदवार हून सेन के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिनमें से अधिकतर छोटी पार्टियों या नवनिर्मित पार्टियों के उम्मीदवार हैं। सून यहां 1985 से सत्ता पर काबिज हैं।

अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने की चुनाव की निंदा
अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक इस चुनाव की आलोचना कर रहे हैं, और उन्होंने सीपीपी पर धांधली करने के आरोप लगाए हैं। ह्यूमन राइट वाच के एशिया के उपनिदेशक फिल रॉबर्टसन ने ट्वीट किया, "वास्तव में यह चुनाव कंबोडिया के लोकतंत्र का अंतिम संस्कार है।" संयुक्त राष्ट्र संघ ने अमरीका और यूरोपीय संघ के साथ चुनाव की वैधता पर सवाल उठाए हैं। कंबोडिया सरकार ने हालांकि चुनाव में किसी तरह की धांधली से इंकार किया है।

Published on:
29 Jul 2018 08:52 pm