
Vivah Shubh Muhurat November-December: देवशयनी एकादशी पर 25 जुलाई से विवाह समारोहों पर लगा विराम अब देवउठनी एकादशी (Devuthani Ekadashi 2026) के बाद 20 नवंबर से खत्म होगा। इसके बाद नवंबर और दिसंबर में विवाह के लिए कुल 11 शुभ मुहूर्त मिलेंगे। 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण विवाह समारोह फिर एक माह के लिए थम जाएंगे।
ज्योतिषाचार्य जनार्दन शुक्ला के अनुसार 15 दिसंबर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के चलते खरमास शुरू हो जाएगा। साथ ही गुरु और शुक्र ग्रह भी अस्त होने जा रहे हैं। इस कारण 16 दिसंबर से विवाह, मुंडन और उपनयन संस्कारों पर एक माह का विराम लग जाएगा। नवंबर में 21, 24, 25 और 26 नवंबर विवाह के शुभ मुहूर्त है। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के आयोजन होंगे। 12 दिसंबर इस वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त रहेगा। खरमास 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक रहेगा।
इस वर्ष देवउठनी यानी देवोत्थानी एकादशी पर वर्षों बाद विशेष ज्योतिषीय संयोग बन रहा है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, चंद्रमा और देवगुरु बृहस्पति के मिलन से नवपंचम राजयोग का निर्माण होगा। इस संयोग से पर्व का धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व बढ़ गया है। इसी दिन चार महीने से चल रहे चातुर्मास का भी समापन होगा। शहर के विभिन्न मठों, आश्रमों और मंदिरों में चातुर्मास के दौरान चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की तैयारियां की जा रही है।
ज्योतिषाचार्य जनार्दन शुक्ला ने बताया कि चंद्रमा के धनु राशि में प्रवेश से नवपंचम राजयोग बनेगा। इसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा, लेकिन मेष, धनु और कुंभ राशि के जातकों के लिए यह विशेष फलदायी रहेगा।
मेष राशि वालों के अटके काम पूरे होने और आय के नए स्रोत बनने के योग है। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति और वेतन वृद्धि का लाभ मिल सकता है। धनु राशि वालों को नई जिम्मेदारियां मिलेंगी और मान सम्मान बढ़ेगा। वहीं, कुंभ राशि के कारोबारियों के लिए समय लाभदायक रहेगा और करियर में तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे।
ज्योतिर्विदों के अनुसार, कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। गृहस्थ यानी स्मार्त परंपरा के श्रद्धालु 20 नवंबर को व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव और इस्कॉन परम्परा के अनुयायी 21 नवंबर को व्रत करेंगे। इसी दिन तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह भी कराया जाएगा।
स्मार्त श्रद्धालु 21 नवंबर को दोपहर 1:11 से 3:18 बजे के बीच व्रत खोल सकेंगे। वहीं, वैष्णव श्रद्धालुओं के लिए 22 नवंबर को सुबह 6:49 से 8:56 बजे तक पारण का समय बताया गया है।