
Grah Gochar Rashi Effects: ग्रहों की चाल में नवंबर माह बड़ा बदलाव लेकर आया है। लंबे समय से वक्री गति में चल रहे बुध और शुक्र अब सीधी चाल चलने लगे है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, बुध 13 नवंबर की रात 9.23 बजे और शुक्र 14 नवंबर की सुबह 5.59 बजे मार्गी हो चुके है। वहीं, शनि अभी वक्री अवस्था में हैं और 11 दिसंबर को सुबह 6 बजे मार्गी (Budh-Shukra-Shani Margi) होंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, ग्रहों की इस बदलती चाल का असर व्यक्तिगत जीवन से लेकर कारोबार, सामाजिक संबंधों और राजनीतिक परिस्थितियों तक देखने को मिल सकता है।
ज्योतिष मठ संस्थान के ज्योतिषाचार्य पं. विनोद गौतम के अनुसार बुध को बुद्धि, संवाद, शिक्षा, व्यापार और संचार का कारक माना जाता है। इसके मार्गी होने से पढ़ाई, मीडिया, नौकरी और पारिवारिक संवाद से जुड़े मामलों में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है। गलतफहमियां दूर करने और पुराने विवाद सुलझाने के अवसर मिलेंगे। वहीं, शुक्र को प्रेम,विवाह, सुख-सुविधा, कला और सौंदर्य का कारक माना गया है। इसके मार्गी होने से वैवाहिक जीवन, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मेलजोल में मधुरता आने के संकेत है। विवाह संबंधी बातचीत और लंबे समय से अटके रिश्तों को आगे बढ़ाने में भी अनुकूलता बन सकती है।
कन्याः आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आय के नए स्रोत बन सकते हैं। नौकरी और व्यापार में सफलता मिलेगी। पारिवारिक जीवन में खुशियां बढ़ेंगी।
तुलाः आत्मविश्वास और साहस बढ़ेगा। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। व्यापारिक सौदे सफल होंगे। निवेश और आर्थिक उन्नति के अवसर मिलेंगे।
कुंभः भाग्य का साथ मिलेगा। अटके काम पूरे होंगे। नौकरी में प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। प्रभावशाली लोगों से संपर्क लाभकारी साबित होंगे।
वृषभः करियर और व्यापार में सकारात्मक बदलाव होंगे। नौकरी की परेशानियां कम होंगी। स्वास्थ्य में सुधार, सामाजिक प्रतिष्ठा और विद्यार्थियों को सफलता के संकेत हैं।
आर्थिक क्षेत्र में बुध की सीधी चाल से व्यापारिक समझौतों, बैंकिंग, शेयर बाजार व डिजिटल कारोबार में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। शुक्र की अनुकूलता से वाहन, आभूषण, वस्त्र, होटल और पर्यटन कारोबार को लाभ मिलने के योग हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र में बुध के प्रभाव से संवाद और समझौतों की स्थितियां बेहतर हो सकती हैं। वहीं, शनि के 11 दिसंबर को मार्गी होने के बाद उद्योग, रोजगार, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े मामलों में गति आने के संकेत हैं।