
Kartikeya Swami Temple: साल के 364 दिन भक्त जिस दिव्य दर्शन की प्रतीक्षा करते हैं, वह घड़ी आने वाली है। कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima 2026) पर जीवाजीगंज स्थित भगवान कार्तिकेय स्वामी मंदिर के पट खुलेंगे और भक्तों को उनके दर्शन का दुर्लभ अवसर मिलेगा। मान्यता है कि इस प्राचीन मंदिर में भगवान कार्तिकय के दर्शन का विशेष विधान है। यही वजह है कि ग्वालियर ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के दूसरे हिस्सों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां आते हैं। मंदिर में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। करीब 417 वर्ष पुराने इस मंदिर की परंपराएं भी उतनी ही अनूठी है, जितनी यहां दर्शन की मान्यता। मंदिर में भगवान कार्तिकय के साथ गंगा, जमुना, सरस्वती, पवनपुत्र हनुमान, वेणीमाधव और लक्ष्मीनारायण की प्रतिमाएं भी विराजमान है। कार्तिक पूर्णिमा पर पूरा मंदिर भक्ति, मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी से जगमगा उठता है।
23 नवंबर की रात 12 बजे मंदिर के पट खोलकर भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। वृंदावन के केशव शास्त्री सहित 11 ब्राह्मण अभिषेक करेंगे। आतिशबाजी के बाद 24 नवंबर को सुबह 4 बजे से श्रद्धालु दर्शन करेंगे। सुबह 9 बजे सुंदरकांड पाठ और शाम को भजन संध्या होगी। भोग वितरण, पूजा-अर्चना और दीपमालिका के आयोजन भी होंगे। 25 नवंबर को सुबह 4 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
मंदिर की देखरेख कर रहे दिनेश और बसंत शर्मा के अनुसार, भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा यहीं प्राप्त हुई थी। परिवार की छठी पीढ़ी आज भी मंदिर की सेवा और परंपराओं का निर्वहन कर रही है। यहां मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु 364 बत्तियों वाला दीपक अर्पित करते हैं। यह दीपक साल के 364 दिनों की प्रतीक्षा और एक दिन मिलने वाले विशेष दर्शन के प्रति भक्तों की श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है।
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान शिव और माता पार्वती ने अपने दोनों पुत्रों गणेश और कार्तिकेय से तीनों लोकों की परिक्रमा कर पहले लौटने की शर्त रखी थी। गणेश ने माता-पिता की परिक्रमा कर विजय प्राप्त की और प्रथम पूज्य होने का वरदान पाया। कार्तिकेय लौटे तो उन्हें इस बात का पता चला। नाराज कार्तिकेय ने अपने दर्शन को लेकर कठोर शाप दिया। शिव-पार्वती के समझाने पर उन्होंने वचन दिया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन जो उनकी पूजा करेगा, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होंगी और कष्ट दूर होंगे।