औरैया

Auraiya News:भाग रहे थे लुटेरे, पुलिस ने घेरा तो शुरू कर दी फायरिंग, मुठभेड़ में 2 बदमाशों को लगी गोली

Auraiya Latest News:औरैया के बिधूना में पुलिस मुठभेड़ के दौरान बुजुर्ग से लूट करने वाले दो बदमाश जितेंद्र और राज कपूर पैर में गोली लगने से घायल हुए। तीसरा साथी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने मौके से हथियार व बाइक बरामद की है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट कबूली की है।

2 min read
May 03, 2026
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी

UP Crime News:औरैया जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बिधूना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीसरे साथी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों ने हाल ही में क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ हुई लूट की वारदात को कबूल कर लिया है।

कैसे हुई मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, बिधूना कोतवाली पुलिस कन्नौज सीमा पर रूटीन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मदनपुर की तरफ से एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा शुरू किया।

भागने की हड़बड़ाहट में गपचरिया पुलिया के पास बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस के वाहन में जा लगी, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे।

जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और वे वहीं गिर पड़े। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जितेंद्र और राज कपूर के रूप में हुई है। दोनों कन्नौज जिले के तिर्वा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तीसरे आरोपी का नाम प्रदीप बताया जा रहा है।

बुजुर्ग से लूट कबूली, हथियार बरामद

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले बिधूना थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ हुई लूट और जेब काटने की वारदात को उन्होंने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचे, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

इलाज के लिए अस्पताल भेजे गए

मुठभेड़ में घायल हुए जितेंद्र और राज कपूर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक औरैया ने बताया कि तीनों बदमाश शातिर किस्म के हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने और किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Updated on:
03 May 2026 11:56 am
Published on:
03 May 2026 10:54 am
Also Read
View All