औरैया

औरेया में मकान की दीवार गिरी, पति-पत्नी और बच्चे की दर्दनाक मौत

कच्चे मकान की दीवार गिरने से परिवार के 6 लोग घायल हो गए। अस्पताल ले जाने तक 3 की मौत हो गई।

2 min read
Jan 21, 2023

औरैया जिले में कच्चे घर की दीवार गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में पति पत्नी और बच्चे की जान गई है। तीन बच्चे घायल हुए हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह हादसा कुदरकोट थाना क्षेत्र के गोपियापुर में हुआ है।

अचानक से परिवार के ऊपर गिरी दीवार
हादसा के शिकार हुए 45 साल के इंद्रवीर के पास पक्का मकान नहीं था। इंद्रवीर पत्नी और 4 बच्चों के साथ इस घर में रहते थे। शुक्रवार की रात को इंद्रवीर अपने परिवार के साथ सो रहा था। इसी दौरान घर की दीवार भरभरा कर पूरे परिवार पर आ गिरी। आवाज सुनकर आस-पास रहने वाले लोगों ने उनको निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।

स्थानीय लोगों की मद से पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही इंद्रवीर, उसकी पत्नी और 13 साल के बेटे विकास की मौत हो चुकी थी। दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सैफई रिम्स रेफर कर दिया गया है।

सरकारी आवास मिलने से पहले हो गई मौत
आसपास के लोगों ने बताया कि इंद्रवीर के पास पक्का मकान नहीं था। वह कच्चा घर में रहता था जो पहले से जर्जर था। पूरा परिवार दिन भर गांव में बने बारात घर में रहता था। रात होते ही सोने के लिए कच्चे घर में आ जाता था। उन्होंने कच्चे घर पर छप्पर डाल रखा था। इंद्रवीर का नाम सरकारी की ओर से बनने वाले आवास की लिस्ट में आ गया था। उसे घर बनाने के लिए पैसा नहीं मिला था। उसके पहले ही यह हादसा हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला अधिकारी औरैया पीसी श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर पहुंचे। जिला अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में घायल पीड़ित अंशु उम्र 6 साल के बच्चे से मिले और हालचाल लिया। डीएम पीसी श्रीवास्तव ने मामले की जांच और बच्चों की आर्थिक सहायता का वादा किया है।

Updated on:
21 Jan 2023 09:37 am
Published on:
21 Jan 2023 09:26 am
Also Read
View All