Breaking News :औरैया में पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 36 गैस सिलिंडर और 835 लीटर अवैध डीजल बरामद किया। मामले में एफआईआर की तैयारी।
औरैया जिले में अवैध गैस सिलिंडर और डीजल के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुंदरीपुर में छापेमारी कर 36 खाली गैस सिलिंडर बरामद किए, जबकि कलापुर गांव से 835 लीटर अवैध डीजल जब्त किया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध कारोबारियों में खलबली मच गई।जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ यह छापेमारी की गई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने सुंदरीपुर स्थित एक संदिग्ध दुकान और उसके गोदामनुमा हिस्से पर अचानक दबिश दी।
जांच टीम ने जब दुकान और गोदाम की तलाशी ली तो वहां से 36 खाली गैस सिलिंडर बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दुकानदार इन सिलिंडरों के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। अधिकारियों को आशंका है कि इन सिलिंडरों का इस्तेमाल अवैध गैस कारोबार में किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान टीम ने गांव कलापुर में एक किसान के घर भी जांच की, जहां ड्रमों में बड़ी मात्रा में डीजल रखा मिला। मौके से कुल 835 लीटर डीजल बरामद किया गया। इतनी बड़ी मात्रा में डीजल रखने के संबंध में भी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप के अलावा इतनी मात्रा में डीजल रखना पेट्रोलियम अधिनियम का उल्लंघन है। बरामद सभी सामग्री को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।कोतवाल राजकुमार सिंह के अनुसार पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।