औरैया

Auraiya News: डीजे के गाने पर थिरकते-थिरकते भिड़े बराती-जनाती, चली लाठियां, पांच घायल

Wedding DJ Fight:कुदरकोट के गांव मुर्रा में शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर बराती और जनाती में विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर मारपीट हो गई, जिसमें दो किशोर और एक बुजुर्ग महिला समेत पांच लोग घायल हो गए।

2 min read
Mar 09, 2026
Feature image

औरैया,खुशियों और जश्न के माहौल के बीच चल रही शादी की महफिल उस वक्त अचानक हंगामे में बदल गई, जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर बराती और जनाती आमने-सामने आ गए। पहले मामूली बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर भिड़ गए। इस मारपीट में दो किशोरों और एक बुजुर्ग महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।

गाना बदलने की मांग से शुरू हुआ विवाद

घटना कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव मुर्रा की है। यहां एक शादी समारोह में इटावा जिले के पहुआ गांव से बरात आई थी। शादी में डीजे की धुन पर दोनों पक्षों के युवक नाचते हुए जश्न मना रहे थे। इसी दौरान बराती पक्ष के कुछ युवकों ने डीजे पर बज रहे गाने को बदलने की बात कही।बताया जा रहा है कि जनाती पक्ष का एक युवक अपनी पसंद का गाना बजवाने की जिद पर अड़ गया। इसी बात को लेकर पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज शुरू हो गई।

लाठी-डंडे चलने से मची अफरातफरी

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। अचानक हुई मारपीट से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और मेहमानों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।मारपीट में गांव मुर्रा निवासी संजीत कुमार (30), मीना देवी (55), सुधीर सिंह और मोहित कुमार (16) घायल हो गए। वहीं एटा जिले से आई शिवानी (16) को भी चोटें आई हैं। घायलों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने संभाली स्थिति

सूचना मिलते ही कुदरकोट थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख कई युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।थानाध्यक्ष के अनुसार घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
09 Mar 2026 10:27 pm