9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: फूलों की बरसात, गुलाल की बौछार, नगर निगम गेस्ट हाउस में महापौर संग सजी होली की महफिल

Kanpur Holi Milan Samaroh :कानपुर नगर निगम गेस्ट हाउस में होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। महापौर प्रमिला पांडे ने पार्षदों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।

2 min read
Google source verification

कानपुर। नगर निगम मुख्यालय स्थित नगर निगम गेस्ट हाउस में सोमवार को होली मिलन समारोह एवं फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। होली के पारंपरिक गीतों और फूलों की होली के बीच पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद लोग गीतों की धुन पर झूमते हुए भाव-विभोर दिखाई दिए।

अबीर-गुलाल लगाकर दी होली की बधाई

समारोह के दौरान महापौर प्रमिला पांडे ने पार्षदों, अतिथियों और कार्यकर्ताओं को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और सभी के साथ फूलों की होली खेली। इस दौरान महिला मोर्चा की ओर से भी जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया गया, जिससे नगर निगम गेस्ट हाउस का परिसर रंगों से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पर्व की खुशियां साझा कीं।

होली आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक : महापौर

महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि होली रंगों और उल्लास का त्योहार है, जो समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति की विशेषता यह है कि यहां मनाए जाने वाले सभी त्योहार लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। होली का पर्व भी इसी भावना को आगे बढ़ाता है और समाज में आपसी सौहार्द को बढ़ावा देता है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को एक-दूसरे से मिलने और खुशियां साझा करने का अवसर मिलता है, जिससे समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद

होली मिलन समारोह में वर्तमान और पूर्व पार्षदों के साथ नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी, नगर निगम कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी तथा भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।इस मौके पर पार्षद नवीन पंडित, नेता सदन डॉ. अखिलेश वाजपेयी, सौरभ देव, संतोष साहू, विद्या वर्मा, अमित जायसवाल, सुशील अवस्थी, कौशिक वाजपेयी, वंदना शर्मा सहित पूर्व पार्षद अर्पित यादव, विजय गौतम और भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए रंगों के इस पर्व को उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया।