औरैया

ना नीला ड्रम, ना ही बक्शा, ऐसे की हत्या, पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Wife conspired with her lover औरैया में पति को पत्नी के प्रेम संबंधों का विरोध करना महंगा पड़ गया। जब उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए जानकारी दी।

2 min read
Jan 23, 2026
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, फोटो सोर्स- औरैया पुलिस
फोटो सोर्स- औरैया पुलिस

Wife conspired with her lover औरैया में 17 जनवरी को अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक ने घटना के खुलासे के लिए टीम का गठन किया था। एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय थाना पुलिस की टीम ने घटना का खुलासा किया। हत्या के पीछे पत्नी की खौफनाक साजिश का खुलासा हुआ। जिसने अपने प्रेमी की मदद से पति को गोली मरवा दी। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत में पेश किया जा रहा है। मामला बेला थाना क्षेत्र का है।

पत्नी ने रची साजिश

उत्तर प्रदेश के औरैया के बेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडी रोड निवासी अशोक कुमार पुत्र रामचंद्र ने बताया कि बड़े भाई अरविंद कुमार की अज्ञात ने हत्या कर दी है। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और घटना की जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने योगेंद्र शाक्य पुत्र रामसेवक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस की पूछताछ में योगेंद्र शाक्य ने बताया कि उसकी तिर्वा बेला रोड पर बैग बनाने की दुकान है।‌ एक वर्ष पहले अरविंद की पत्नी बैग बनवाने के लिए आई थी। उसी समय दोनों में जान पहचान हुई और बातचीत आगे बढ़ी तो प्रेम संबंध हो गया। प्रिया पति को छोड़कर उसके साथ रहना चाहती थी।

अरविंद प्रेम संबंधों का विरोध कर रहा था

योगेंद्र ने बताया कि इसकी जानकारी अरविंद को भी हो गई थी। अरविंद दोनों के प्रेम संबंधों का विरोध करता था। जिसके चलते दोनों ने अरविंद को रास्ते से हटाने का फैसला किया। पूर्व योजना के अनुसार प्रिया ने योगेंद्र शाक्य को 17 जनवरी को शाम को ही घर में बुलाकर छुपा दिया। अरविंद जब घर वापस आया, तो वह काफी नशे में था। प्रिया ने उसे सुला दिया।

क्या कहते हैं एएसपी?

बताया गया कि मौका देखकर योगेंद्र ने अवैध तमंचे से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि योगेंद्र की निशानदेही पर अवैध तमंचा बरामद कर लिया गया है। मृतक की पत्नी प्रिया को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश किया जा रहा है। ‌

Published on:
23 Jan 2026 07:31 pm