Mahindra Sales March 2025: महिंद्रा ने वित्तीय वर्ष 2025 में अब तक की सबसे बड़ी बिक्री का रिकॉर्ड बनाया। कंपनी की सफलता में थार रॉक्स, स्कॉर्पियो एन, एक्सयूवी 700 और नई इलेक्ट्रिक एसयूवी XEV 9e और BE 6 का अहम योगदान रहा। जानें डिटेल्स।
Mahindra record sales FY25: महिंद्रा एंड महिंद्रा ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में अपनी अब तक की सबसे बड़ी बिक्री का रिकॉर्ड दर्ज किया है। कंपनी ने कुल 5,51,487 यूनिट्स बेचे, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक है। इस शानदार प्रदर्शन में महिंद्रा की प्रमुख एसयूवी मॉडल्स, जैसे थार रॉक्स, स्कॉर्पियो-N और XUV700 ने अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, कंपनी ने वाहन रजिस्ट्रेशन (Vahan Registrations) के मामले में भी नया रिकॉर्ड कायम किया, जो साल दर साल 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है।
महिंद्रा का मार्च 2025 का प्रदर्शन भी शानदार रहा, जब कंपनी ने 50,835 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 23 प्रतिशत ज्यादा है। भारत में, कंपनी ने 48,048 कारें बेचीं, जो मार्च 2024 की 40,631 यूनिट्स के मुकाबले 18 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा, महिंद्रा ने विदेशों में 2,787 यूनिट्स का निर्यात किया। इसी महीने, महिंद्रा ने अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी महिंद्रा XEV 9e और BE 6 की डिलीवरी भी शुरू की, जो इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में कंपनी के नेतृत्व को और मजबूत करती है।
महिंद्रा ने इस साल कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। कंपनी अब भारत की सबसे बड़ी एसयूवी निर्माता बन चुकी है और रेवेन्यू के मामले में देश की दूसरी सबसे बड़ी पैसेंजर वाहन निर्माता कंपनी बन गई है। महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के प्रेसिडेंट, विजय नाकरा ने बताया कि मार्च में कंपनी ने कुल 48,048 एसयूवी बेचीं, जो 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा, हल्के कमर्शियल वाहन (LCV) सहित कुल बिक्री 83,894 यूनिट्स तक पहुंची, जो पिछले साल की तुलना में 23 प्रतिशत ज्यादा है।
महिंद्रा ने अपनी पहली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक एसयूवी XEV 9e और BE 6 की डिलीवरी शुरू कर दी है। दोनों गाड़ियों में 79 kWh की बैटरी दी गई है। महिंद्रा BE 6 की रेंज 682 किलोमीटर और XEV 9e की रेंज 656 किलोमीटर है। दोनों एसयूवी 285 bhp की पावर और 380 Nm का टॉर्क जनरेट करती हैं।
महिंद्रा की एसयूवी और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता कंपनी को भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में और भी मजबूत बना रही है। आने वाले वर्षों में, कंपनी अपने नए इलेक्ट्रिक और पारंपरिक पेट्रोल-डीजल मॉडल्स के साथ और भी नए रिकॉर्ड बना सकती है।