अयोध्या

अयोध्या में पूर्व पार्षद पर दुर्गा पंडाल में जानलेवा हमला, गोलियों की तड़तड़ाहट से फैली सनसनी

अयोध्या के रामघाट चौराहे पर आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम के दौरान रियल एस्टेट पार्टनर ने बरसाईं गोलियां। आलोक सिंह गंभीर रूप से घायल, भीड़ ने हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंपा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात खुलकर सामने आई है।
less than 1 minute read
Oct 03, 2025
ayodhya
फायर करते सांकेतिक तस्वीर जेनरेट AI

अयोध्या के रामघाट चौराहे पर गुरुवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में उस समय हड़कंप मच गया जब पूर्व पार्षद आलोक सिंह पर उनके ही बिजनेस पार्टनर ने पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से आलोक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले श्रीराम अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत नाजुक होने पर दशरथ मेडिकल कॉलेज और बाद में लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात आलोक सिंह अपने सहयोगियों के साथ दुर्गा पूजा कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान पंडाल में मौजूद मोहित पांडेय नामक युवक से उनका विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि आरोपी ने अचानक पिस्टल निकालकर गोलियां चला दीं। एक गोली आलोक के गले के पास से छूकर निकल गई। जबकि दूसरी उनकी पीठ में जा धंसी। फायरिंग होते ही अफरातफरी मच गई। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। आसपास के लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजन के दौरान गोलीबारी बेहद चौंकाने वाली है। फिलहाल आलोक सिंह का इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

एसपी सिटी बोले- आरोपी गिरफ्तार दो पिस्टल बरामद

एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी मोहित पांडेय पूर्व पार्षद आलोक सिंह का परिचित और उनका रियल एस्टेट पार्टनर है। उसके पास से दो पिस्टल भी बरामद की गई हैं। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। पुलिस अब घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।

Updated on:
03 Oct 2025 01:53 pm
Published on:
03 Oct 2025 01:53 pm