
Awadhesh Prasad Attack on Government:समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि अखिलेश यादव को जंतर-मंतर जाने से रोकना और हिरासत में लेना सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है।
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और विपक्षी दलों की गतिविधियों के बीच समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष जनता के मुद्दों को उठाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन सरकार चर्चा से बचने की कोशिश कर रही है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि एक दिन पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के अन्य नेता जंतर-मंतर पर जुटे लोगों की समस्याओं को उठाने के लिए आगे आए थे। उनका आरोप है कि सरकार ने विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए प्रशासनिक शक्ति का इस्तेमाल किया। लोकतांत्रिक विरोध को रोकने का प्रयास किया।
सपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव को रास्ते में ही हिरासत में ले लिया गया। उन्हें प्रदर्शन स्थल तक नहीं पहुंचने दिया गया। उनके मुताबिक, सपा प्रमुख को जंतर-मंतर से काफी दूर पुरानी दिल्ली क्षेत्र में रोका गया था। बाद में रात करीब 10 बजे उन्हें रिहा किया गया। अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की सूचना तेजी से पूरे प्रदेश में फैल गई। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह खबर कार्यकर्ताओं और समर्थकों तक पहुंची, विभिन्न जिलों में विरोध शुरू हो गया। कई स्थानों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
आगे उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अपनी बात रखने का अधिकार सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों को है। यदि विपक्षी नेताओं को ही अपनी बात रखने से रोका जाएगा। तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
सपा सांसद ने सरकार की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि मौजूदा हालात लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की मांगों और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराने के बजाय विरोध को दबाने का रास्ता अपना रही है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी। जनहित के सवालों पर संघर्ष जारी रखेगी। यह सरकार हिटलर के रास्ते पर चल रही।