21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

रेल कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत! अब एक ही जगह होगी हर शिकायत की सुनवाई, जानिए EGRS सेल नई व्यवस्था

EGRS Cell Lucknow Division: पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने कर्मचारियों और पेंशनर्स की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए डीआरएम कार्यालय में नया EGRS सेल शुरू किया है। इस एकल खिड़की व्यवस्था के तहत एमएसीपी, वेतन, पेंशन, एरियर और HRMS से जुड़ी समस्याओं का समाधान अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाएगा।
2 min read
Google source verification
नवीन EGRS सेल फोटो सोर्स रेल विभाग

नवीन EGRS सेल फोटो सोर्स रेल विभाग

EGRS Cell Lucknow Division: पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने कर्मचारियों और पेंशनर्स की शिकायतों के निपटारे के लिए बड़ा कदम उठाया है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में नया ई-ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम (EGRS) सेल शुरू किया गया है। यहां कर्मचारी अपनी समस्याएं सीधे दर्ज करा सकेंगे। रेलवे का दावा है कि इससे शिकायतों का निस्तारण पहले से ज्यादा तेज, पारदर्शी और आसान होगा।

रेलवे के लखनऊ मंडल ने अपने कर्मचारियों की सुविधा के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में ई-ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम (EGRS) सेल के लिए नया कक्ष आवंटित किया है। इस पहल का मकसद कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की शिकायतों का समय पर और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अब कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे सीधे EGRS सेल में आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया आसान और तेज होने की उम्मीद है।

इन शिकायतों का होगा समाधान

इस नए सेल में कई महत्वपूर्ण मामलों से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। इनमें एमएसीपी (मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन), वेतन निर्धारण, वरीयता सूची, एरियर भुगतान, उम्मीद कार्ड, एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) से जुड़ी समस्याएं और अन्य कर्मचारी शिकायतें शामिल हैं।

पेंशन की समस्याओं का होगा त्वरित निस्तारण

रेलवे का कहना है कि यह व्यवस्था कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भी लाभकारी साबित होगी। अक्सर पेंशन, वेतन और सेवा से जुड़े मामलों के समाधान में समय लग जाता है। ऐसे में एक समर्पित शिकायत सेल बनने से इन समस्याओं के निपटारे में तेजी आएगी।

एकल खिड़की व्यवस्था के माध्यम से त्वरित निस्तारण

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों का हित रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य एकल खिड़की प्रणाली के तहत कर्मचारियों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लखनऊ मंडल प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रेल प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद होगा स्थापित

रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस नई पहल से कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन सकेगी। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि यह कदम कर्मचारियों और विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में भी मददगार साबित होगा।