अयोध्या

अयोध्या में जन्मदिन का जश्न मनाने गए बस्ती के तीन दोस्त सरयू नदी में स्नान के दौरान लापता, परिवारों में चीख-पुकार

अयोध्या में जन्मदिन मनाने पहुंचे बस्ती के तीन युवक सरयू नदी में स्नान के दौरान लापता हो गए। पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

2 min read
May 07, 2026
जानकारी देते एसपी सिटी तलाश करती टीम फोटो सोर्स विभाग

अयोध्या में जन्मदिन मनाने पहुंचे बस्ती के पांच दोस्तों में से तीन युवक सरयू नदी में स्नान करते समय लापता हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुट गई है। तीनों युवकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, उनके साथ मौजूद दो दोस्त सुरक्षित हैं। लेकिन घटना के बाद से सदमे में हैं।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बस्ती जिले से जन्मदिन मनाने आए पांच दोस्तों में से तीन युवक सरयू नदी में स्नान करते समय अचानक लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस, जल पुलिस और गोताखोर लगातार युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार बस्ती के पुरानी बस्ती क्षेत्र स्थित मंगल बाजार के रहने वाले पांच दोस्त सुबह करीब साढ़े छह बजे अयोध्या पहुंचे थे। सभी दोस्त यहां दर्शन-पूजन करने और जन्मदिन मनाने आए थे। मंदिरों में दर्शन करने से पहले उन्होंने सरयू नदी में स्नान करने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि नदी का जलस्तर कम होने की वजह से घाट के पास काफी दूर तक रेत फैली हुई थी। इसी कारण तीन युवक स्नान करते-करते घाट से काफी आगे निकल गए। अचानक गहरे पानी में पहुंचने के बाद उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। और तीनों नदी में डूबकर लापता हो गए।

काफी देर तक वापस न लौटने पर दो दोस्तों ने दी पुलिस को सूचना

काफी देर तक जब तीनों वापस नहीं लौटे तो उनके साथ मौजूद दो दोस्तों लकी और किशन सोनी ने उन्हें ढूंढने की कोशिश की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

ये तीन युवक हुए लापता अयोध्या पहुंचे परिजन का रो-रो कर बुरा हाल

लापता युवकों की पहचान अभिषेक कुमार सोनी (19), अमित (20) और राज गुप्ता (20) के रूप में हुई है। तीनों बस्ती जिले के मंगल बाजार इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अयोध्या पहुंच गए। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

युवकों की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी

कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि युवकों की तलाश लगातार जारी है। गोताखोर नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं। वहीं, घटना के बाद सुरक्षित बचे दोनों दोस्त भी काफी डरे हुए हैं। पुलिस ने उनसे पूछताछ कर पूरी जानकारी जुटाई है।

Published on:
07 May 2026 03:44 pm
Also Read
View All