
लखनऊ. पत्रिका उत्तर प्रदेश का सभी पाठकों को सुबह सुबह का नमस्कार। आप सभी स्वस्थ्य रहें। खुश रहें। आपका दिन शुभ हो। आज रविवार तारीख 29 अगस्त है। दिन की शुरुआत से पहले आइए जान लेते हैं यूपी की आज की प्रमुख खबरें।
राष्ट्रपति रामनगरी में चार घंटा दस मिनट तक रहेंगे
अयोध्या. राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द रविवार सुबह नौ बज कर दस मिनट पर लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से प्रेसीडेंशियल ट्रेन से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे। रामनगरी में वह चार घंटा दस मिनट तक रहेंगे। सुबह 11:30 बजे राष्ट्रपति प्रेसीडेंशियल ट्रेन से अयोध्या जंक्शन पहुंचेंगे। 11:40 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री के साथ सड़क मार्ग से राष्ट्रपति रामकथा पार्क के लिए प्रस्थान करेंगे। 11:50 पर वह रामकथा पार्क पहुंचेंगे। 11:50 से दोपहर 12 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा। दोपहर 12 से एक बजे के मध्य वह रामकथा पार्क में आयोजित रामायण कान्क्लेव का उद्घाटन एवं संस्कृति तथा पर्यटन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर उनकी पत्नी पर एक और मुकदमा दर्ज
लखनऊ. गोमती नगर थाने में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर उनकी पत्नी नूतन ठाकुर पर एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। एसआई धनंजय सिंह की तहरीर पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। अमिताभ ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने दुष्कर्म पीड़िता को खुदकुशी के लिए उकसाया है। इसकी साजिश रची है। मुकदमा एसएसआई दयाशंकर द्विवेदी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद अमिताभ ठाकुर को 21 अगस्त से हाउस अरेस्ट कर दिया गया था।
सितंबर के पहले हफ्ते में होगा योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का विस्तार
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार को भारतीय जनता पार्टी हाई कमान ने हरी झंडी दे दी है। मंत्रिमंडल विस्तार सितंबर के पहले सप्ताह में होगा। माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय तथा क्षेत्र के गणित का ध्यान रखेगी। यह तय है कि सात से आठ मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है जबकि किसी भी मंत्री की छुट्टी नहीं होगी।
मेजर ध्यानचंद की याद में उनकी जयंती पर मनाते हैं खेल दिवस
लखनऊ. यूपी सहित भारत में हर साल खेल को बढ़ावा देने के लिए 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद का इस दिन जन्म हुआ था और उनकी याद में खेल दिवस को मनाया जाता है। ध्यानचंद ने ओलंपिक खेलों में भारत का झंड़ा लहराया था और तीन बार हॉकी में देश को इन खेलों में गोल्ड मेडल जिताया था। स्पोर्ट्स डे के मौके पर देश के राष्ट्रपति द्रोणाचार्य, मेजर ध्यानचंद और अर्जुन अवॉर्ड देकर खिलाड़ियों को सम्मानित करते हैं। राष्ट्रपति भवन में सभी खिलाड़ी और कोचों को पुरस्कार से नवाजा जाता है।
कान्हा की नगरी नंदलाल के स्वागत को तैयार
मथुरा. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्तों के स्वागत के लिए मथुरा नगरी तैयार है। सभी तिराहे और चौराहे को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। कहीं कान्हा माखन खाते दिखाई दे रहे हैं तो कहीं गोपिकाओं के साथ खेलते हुए तस्वीर लोगों को आकर्षित कर रही है। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ था। उसका उत्सव जन्माष्टमी के रूप में आज यहां पर मनाया जा रहा है। रंग-बिरंगी कपड़ों की सजावट कान्हा के भक्तों को खूब लुभा रही है।