अयोध्या

विदेशी नेताओं में बढ़ी अयोध्या की आस्था! मॉरीशस पीएम रामगुलाम ने रामलला के किए दर्शन-पूजन

मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। वह अयोध्या एयरपोर्ट से रामलला के दरबार पहुंचे, जहां उन्होंने पत्नी के साथ रामलला की आरती उतारी और दर्शन-पूजन किए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके साथ मौजूद रहे।
2 min read
Sep 12, 2025
Ayodhya news
मॉरीशस पीएम रामगुलाम ने रामलला के किए दर्शन-पूजन। PC: IANS

मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम अयोध्या पहुंचे और परिवार के साथ दर्शन-पूजन किए। भूटान के प्रधानमंत्री के बाद डॉ. गुलाम दूसरे विदेशी पीएम हैं, जिन्होंने अयोध्या आकर रामलला का दर्शन पूजन किया है। अभी हाल में भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग तोबगे के परिवार के साथ राम मंदिर पहुंचे थे।

राम नगरी की ओर दुनिया का आकर्षण!

भूटान के पीएम ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने रामलला का दर्शन पूजन किया है। वहीं, शुक्रवार को नवीन चंद्र दूसरे विदेशी पीएम बने, जिन्होंने अयोध्या आकर रामलला की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने रामलला पूजन के बाद मंदिर निर्माण कार्य का अवलोकन किया। राम जन्मभूमि परिसर स्थित जटायु व अंगद टीले पर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया। रामजन्मभूमि ट्रस्ट की तरफ से अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। प्रधानमंत्री नवीन चंद्र करीब 45 मिनट तक राम मंदिर में रहे। इसके बाद एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। अयोध्या एयरपोर्ट पर सीएम योगी ने उन्हें विदा किया।

एयरपोर्ट से मंदिर तक चाक-चौबंद सुरक्षा

प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर तक विशेष इंतजाम किए गए थे और सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं। इसके बाद सीएम योगी वापस अयोध्या धाम लौट आए, जहां वे हरि गोपाल धाम में जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मॉरीशस पीएम के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, ''मायातीतं माधवमाद्यं जगदादिं मानातीतं मोहविनाशं मुनिवन्द्यम्। योगिध्येयं योगविधानं परिपूर्णं वन्दे रामं रञ्जितलोकं रमणीयम्॥ सप्तपुरियों में श्रेष्ठ धर्म धरा श्री अयोध्या धाम में आज मॉरीशस के माननीय प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कृपानिधान प्रभु श्री रामलला के दर्शन-पूजन किए।''

मॉरीशस पीएम ने बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन

इससे पहले मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने काशी विश्वनाथ मंदिर में अपनी पत्नी संग बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। बाबा के दर्शन कर वे काफी खुश नजर आए। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना मौजूद रहे।

Published on:
12 Sept 2025 02:52 pm
Also Read
View All