
संजय सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फोटो सोर्स x अकाउंट
UP News: राम मंदिर चंदा चोरी और वित्तीय गड़बड़ियों के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर पलटवार करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की अयोध्या यात्रा के बाद जल्दबाजी में एफआईआर दर्ज की गई। लेकिन अब तक मामले के बड़े जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चंदा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार को विपक्ष पर निशाना साधने के बजाय मामले के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन करने पहुंचे थे। उनके दौरे के बाद ही राम मंदिर चंदा चोरी मामले में जल्दबाजी में एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई केवल उन लोगों पर की गई है। जिनकी भूमिका मामूली बताई जा रही है। जबकि मामले के कथित बड़े जिम्मेदार लोगों को अब तक बचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख नामों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि जिन लोगों पर पहले से आरोप लगाए जा रहे हैं। उनके खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की स्थिति क्या है। उनका कहना था कि केवल छोटे कर्मचारियों या निचले स्तर के लोगों की गिरफ्तारी से पूरे मामले का सच सामने नहीं आएगा।
आप सांसद ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े जमीन खरीद, निर्माण कार्य और दान राशि के उपयोग को लेकर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मामले में प्रभावशाली लोगों की भूमिका सामने आती है। तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली से आए एक नेता को अयोध्या के विकास मॉडल को देखना चाहिए। योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पिछले नौ वर्षों में अयोध्या का व्यापक विकास किया है। दूसरे राज्यों के नेताओं को इससे सीख लेनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि सरकार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर राम मंदिर चंदा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
Updated on:
26 Jun 2026 04:56 pm
Published on:
26 Jun 2026 04:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
