
Saryu Kamala Express: बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने अयोध्या को मिली जनकपुर रेल लिंक और सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात का स्वागत किया है। उन्होंने इसे अयोध्या के लिए बेहद शुभ और बेहतर कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई और धन्यवाद दिया है। इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या धर्म और भगवान राम की नगरी है। ऐसे में इस नई रेल सेवा से न केवल श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए नेपाल जाने में आसानी होगी, बल्कि दोनों देशों के आपसी संबंध भी और अधिक मजबूत होंगे।
इकबाल अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से अयोध्या को जो ट्रेन की सौगात मिली है, उससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने अयोध्या के सभी निवासियों तथा हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसके शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
सरयू कमला एक्सप्रेस का जिक्र करते हुए इकबाल अंसारी ने कहा कि, यह अयोध्या के लिए बहुत शुभ ट्रेन है, जो भगवान राम की नगरी को सीतामढ़ी और नेपाल से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा के संचालन से दोनों देशों के बीच रिश्ते गहरे होंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में विकास के कार्यों, रोजगार के अवसरों और आम जनता के लिए बेहतर सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए इकबाल अंसारी ने कहा कि एक मुख्यमंत्री को इसी तरह देशों को जोड़ने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या से सीतामढ़ी और नेपाल तक चलने वाली यह ट्रेन सेवा इसी दिशा में एक बेहद सकारात्मक कदम है। उनके मुताबिक यहां से सीधे नेपाल तक रेल सुविधा मिलने से लोग आसानी से दर्शन के लिए जा सकेंगे।