अयोध्या

Ram Mandir: राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का शेड्यूल जारी, सीएम योगी समेत कई धर्माचार्य होंगे शामिल

Ram Mandir: अयोध्या के राम मंदिर में 5 जून को राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम तय किया गया है। इस अवसर के लिए तीन दिनी धार्मिक अनुष्ठान 2 जून से प्रारंभ किए जाएंगे। इसमें वैदिक परंपराओं के अनुसार विविध कार्यक्रम होंगे।

2 min read
May 28, 2025

Ram Mandir: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

इस आयोजन की शुरुआत 31 मई को शिव मंदिर में नर्मदेश्वर शिवलिंग की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा से होगी। इसके बाद 2 जून को सरयू तट से श्रीराम मंदिर तक एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।

3 जून से मुख्य अनुष्ठानों की होगी शुरुआत

3 जून से राम मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दिन यज्ञ मंडप की पूजा, पंचांग पूजन, यज्ञ मंडप पूजन, देवताओं का आह्वान, ग्रह यज्ञ, अग्नि स्थापना और हवन की प्रक्रियाएं वैदिक आचार्यों द्वारा की जाएंगी। इसी दिन प्रतिमाओं का जलाधिवास भी प्रारंभ होगा। इसके बाद 4 जून को पालकी यात्रा निकाली जाएगी और विभिन्न अधिवासों का आयोजन किया जाएगा।

5 जून को मुख्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह

ट्रस्ट की ओर से मिली जानकारी की मानें तो 5 जून को ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर गंगा दशहरा के दिन राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होना तय किया गया है। यही तिथि द्वापर युग के प्रारंभ और गंगा जी के अवतरण की भी मानी जाती है, जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ जाता है।

सीएम योगी भी होंगे शामिल

इस दिन राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार, लक्ष्मण जी और सप्त मंदिरों में सात देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इन मूर्तियों को पहले ही अयोध्या लाकर मंदिर में स्थापित किया जा चुका है। इस शुभ कार्य में अयोध्या और काशी के कुल 101 विद्वान आचार्य भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। इसके अतिरिक्त लगभग 20 संत-धर्माचार्य, 15 प्रमुख गृहस्थ और ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी आमंत्रित हैं।

Updated on:
28 May 2025 01:31 pm
Published on:
28 May 2025 01:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर