
Ram Mandir Donation Scam: राममंदिर ट्रस्ट में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी मामले के बाद सोमवार को मंदिर ट्रस्ट ने कई अहम फैसले लिए हैं। ट्रस्ट की आयोजित बैठक में चंपत राय, अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर मुहर लगी। वहीं मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की रिपोर्ट 22 जुलाई को पेश किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होने की जानकारी सामने आई है।
सोमवार को आयोजित बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए। ट्रस्ट ने फिलहाल कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव (सचिव) की जिम्मेदारी सौंपी है। नए स्थायी महासचिव की नियुक्ति होने तक कृष्ण मोहन ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।
राममंदिर ट्रस्ट की ओर से जारी सूचना के अनुसार राममंदिर निर्माण और श्रद्धालुओं से प्राप्त करीब 2800 दान स्वरूप मिली वस्तुओं का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित है। इन वस्तुओं के दस्तावेज और सूची संरक्षित हैं, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की पारदर्शिता पर सवाल न उठे।
अंतरिम महासचिव बनाए गए कृष्ण मोहन ने कहा कि कथित चंदा चोरी मामले में श्रद्धालुओं की आस्था पर चोट किसी भी सूरत
में बर्दाश्त नहीं होगी। ट्रस्ट पूरी पारदर्शिता के साथ जांच में सहयोग कर रहा है। जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है और ट्रस्ट किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगा।
ट्रस्ट की बैठक में प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय समिति का भी गठन किया गया है। यह समिति जांच प्रक्रिया, रिकॉर्ड सत्यापन और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी सुझाव देगी।
पूरे मामले में अब आगामी 22 जुलाई को एसआईटी की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि कथित चंदा चोरी के मामले में किसकी क्या भूमिका रही। ट्रस्ट का कहना है कि जांच में दोषी पाए लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।