अंतिम संस्कार में शामिल आये लोगों के साथ हुआ हादसा नदी में डूब रहे तीन ने किसी तरह बचाई जान दो हुए लापता
अयोध्या : धार्मिक नगरी अयोध्या के सरयू तट के किनारे शनिवार की अपराहन एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें एक वृद्ध महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए दो व्यक्ति स्नान करते समय हादसे का शिकार हो गए और गहरे पानी में जाने के कारण डूब गए . घटना के होते ही डूब रहे लोगों को बचाने के लिए घाट के किनारे मौजूद नाविक और गोताखोर पानी में कूद पड़े लेकिन जब तक वह राहत और बचाव कार्य करते तब तक दो व्यक्ति नदी की गहराइयों में कहीं खो गए . यह हादसा और बड़ा हो सकता था क्योंकि नदी में डूबने वाले दो व्यक्तियों के अलावा तीन अन्य व्यक्ति भी स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए थे . लेकिन समय रहते खतरा भापकर 3 लोग तो किसी तरह पानी से बाहर भाग निकले लेकिन दो व्यक्ति नदी की गहराई में डूब गए .
अंतिम संस्कार में शामिल आये लोगों के साथ हुआ हादसा नदी में डूब रहे तीन ने किसी तरह बचाई जान दो हुए लापता
घटना की सूचना पाकर तत्काल नया घाट चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जाल लगाकर डूबे हुए लोगों की तलाश शुरू हो गई . लेकिन समाचार लिखे जाने तक दो में से किसी व्यक्ति का कोई पता नहीं चल पाया था . मिली जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुए दोनों व्यक्तियों में अनिल कुमार पुत्र अयोध्या प्रसाद उम्र 35 वर्ष तथा श्याम पुत्र राम मूरत उम्र 20 वर्ष गोंडा जनपद के नवाबगंज इलाके के रहने वाले हैं . जिनमें अनिल कुमार अपने जीजा की मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अयोध्या आया था . ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर करीब 100 लोग अयोध्या पहुंचे थे लेकिन इनमे से दो व्यक्ति हादसे का शिकार हो गए . घटना उस समय हुई जब अंतिम संस्कार करने के बाद सभी लोग घाट के किनारे स्नान कर रहे थे . घटना के बाद से लगातार नाविक और गोताखोर डूबे हुए लोगों की तलाश कर रहे हैं .