
Unique Calf: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बीकापुर विकासखंड के पुरवा गांव में एक देसी गाय ने ऐसे बछड़े को जन्म दिया है, जिसने पूरे इलाके में हैरानी पैदा कर दी है। यह नवजात बछड़ा 2 मुंह और 4 आंखों वाला है, जिसे देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ जुट रही है।
अजीब बनावट वाले इस बछड़े को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे ईश्वर का चमत्कार मान रहे हैं, तो कुछ इसे दुर्लभ शारीरिक विकलांगता बता रहे हैं। जो भी हो, यह अनोखा बछड़ा इन दिनों गांव और आसपास के इलाकों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह देसी गाय पंकज तिवारी की है। जानकारी के अनुसार रविवार को प्रसव के दौरान गाय को परेशानी होने लगी, जिसके बाद पशु चिकित्सक और पशु स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित प्रसव कराया, इसी दौरान इस अनोखे बछड़े का जन्म हुआ।
इस अनोखे बछड़े की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके चलते आसपास के गांवों और इलाकों में भी यह खबर आग की तरह फैल गई है। कुछ लोग इसे ईश्वरीय करिश्मा मान रहे हैं तो कुछ इसे चिकित्सकीय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने की कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल बछड़े के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसके जीवित रहने को लेकर पशु चिकित्सकों की निगरानी जारी है। गांव में यह घटना आस्था, विज्ञान और जिज्ञासा का केंद्र बनी हुई है, जिसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।