अयोध्या

राम मंदिर निर्माण को लेकर VHP अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान, जल्द होगा निर्माण की तारीख का ऐलान

विहिप के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे ने कहा हम तैयार बैठे हैं बस फैसले का इंतज़ार है

2 min read
Apr 23, 2018
VHP President Vishnu Sadashiv Kokaje Big statment On Ram Mandir Issue
Vishnu Sadashiv Kokaje

फैजाबाद (अयोध्या ) रविवार की देर रात विहिप के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे फैजाबाद पहुंचे जहां नगर की सीमा पर भाजपा और विहिप के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया , जिसके बाद श्री कोकजे अयोध्या के कारसेवक पुरम पहुंचे। रात्री प्रवास के बाद सोमवार की सुबह नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे ने राम जन्म भूमि के विवादित परिसर में मेक शिफ्ट स्ट्रक्चर में विराजमान रामलला का दर्शन और पूजन किया और संतों से मुलाक़ात की।

ये लोग रहे मौजूद

विहिप के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे के साथ कार्याध्यक्ष एडवोकेट आलोक कुमार, उपाध्यक्ष चम्पतराय संगठन महामंत्री विनायक राव देश पांडेय, प्रबंधन समिति सदस्य दिनेशचन्द्र, पुरुषोत्तम नारायण सिंह, केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अम्बरीष सिंह सहित विश्व हिन्दू परिषद् के अन्य वरिष्ठ नेता भी इस दौरान मौजूद रहे। बताते चलें कि श्री कोकजे पहली बार राम नगरी अयोध्या पहुंचे हैं और संगठन के मुखिया होने के नाते उनकी इस यात्रा के कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।

विष्णु सदाशिव को है फैसले का इंतज़ार

वहीँ अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री कोकजे ने अयोध्या विवाद और इस मामले पर विहिप की अगली रणनीती पर चुप्पी साधते हुआ कहा कि इस विषय पर लिया गया निर्णय किसी एक व्यति का नहीं है। संगठन की बैठक में यह तय होगा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण की दिशा में कैसे काम करना है। हम सभी अभी सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के इंतज़ार में है पहले फैसला आ जाये उसके बाद अगली रणनीती तय होगी। वहीं विहिप के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे ने कहा कि मुस्लिम पक्ष पहले से ये प्रयास करता रहा है कि मामले की सुनवाई टलती रहे। सभी साक्ष्य और सबूत हमारे पक्ष में है फैसला हमारे में पक्ष में आने वाला है इसीलिए विपक्ष इस मार्ग में रोड़ा अटका रहा है।

मुकदमे का चुनाव से कोई लेना देना नहीं

वहीं साल 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले फैसला आने के सवाल पर श्री कोकजे ने कहा कि 80 के दशक से राम मंदिर आन्दोलन चल रहा है न जाने कितने चुनाव आये और चले गये राम मंदिर के मुकदमे का चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। फैसला आते ही हम मंदिर निर्माण के मार्ग पर अग्रसर होंगे। बताते चलें कि विहिप के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व राज्यपाल विष्णु सदाशिव कोकजे आज अयोध्या में हैं और साधू संतों से मुलाक़ात कर रहे हैं। जिसके बाद वह संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

Published on:
23 Apr 2018 01:58 pm