
रिपोर्ट-रणविजय सिंह
आजमगढ. विपक्ष की घेरेबंदी के बीच देश की सत्ता दोबारा हासिल करने की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2019 में आयुष्मान भारत योजना को बड़ा हथियार बनायेगी। इस योजना के तहत बीजेपी ने हर जिले में पांच से सात लाख घरो तक सीधे पहुंच बनाने का फैसला किया है। यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योकि एक साल पहले 2017 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में पार्टी को उज्ज्वला योजना का काफी लाभ मिला था। अब कुछ ऐसा ही लाभ बीजेपी आयुष्मान भारत योजना का उठाना चाहती है। हर जिले में प्रभारी नियुक्त कर दिये गये है। कार्यकर्ता भी इसे लेकर उत्साहित दिख रहे हैं।
बता दें कि आजादी के बाद पहली बार वर्ष 2014 के आम चुनाव में पहली बार किसी गैर कांग्रेसी दल ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था। वहीं कांग्रेस को इस चुनाव में बुरी हार का सामना करना पड़ा था। पिछले चार वर्षो में जहां एनडीए में विखराव हुआ है वहीं विपक्ष ने काफी एकजुटता दिखाई है। यूपी में सपा, बसपा और कांग्रेस में गठबंधन के साफ संकेत मिल रहे है। अन्य राज्यों में भी बीजेपी के खिलाफ गठबंधन की तैयारी चल रही है। वहीं हाल में यूपी की फूलपुर व गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद पार्टी नए सिरे से चुनाव तैयारी पर सोचने के लिए मजबूर हुई है।
वर्ष 2017 के चुनाव के पूर्व केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत पूरे देश में रसोई गैस कनेक्शन दिया था। विधानसभा चुनाव में बीजेपी को इसका फायदा मिला। पार्टी ने यूपी में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई। अब सपा, बसपा और कांग्रेस के गठबंधन की चर्चा के बीच सरकार कुछ ऐसा करना चाहती है कि सीधे मतदाताओं के दिल में उतर सके और गठबंधन को मात देकर सत्ता में बनी रह सके। बीजेपी को इसके लिए आयुष्मान भारत योजना सबसे मुफीद दिख रही है जिसके तहत लोगों को पांच लाख रूपये तक सालाना मुफ्त इलाज मिलेगा।
यही वजह है कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत पर्व मनाने जा रही है। आजमगढ़ में इस योजना के तहत 6 लाख 67 हजार 608 लोगों का चयन किया गया है। पार्टी ने जिला महामंत्री ब्रजेश यादव को कार्यक्रम का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं ब्रजेश द्वारा जिले में सौ से अधिक कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किये हैं। इन्हीं की देखरेख में 30 अप्रैल को प्रत्येक गांव में एक समारोह का आयोजन होगा जिसमें चयनित लोगों को योजना का कार्ड दिया जायेगा। साथ ही गांव के लोगों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराया जायेगा। ब्रजेश यादव ने बताया कि कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत जनपद में लगभग छह लाख लाभार्थियों को चुना गया है, जिन्हें सालाना पांच लाख रूपये के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। तीस अप्रैल को जनपद के प्रत्येक गांव में चयनित लाभार्थियों की बैठक आयोजित की जाएगी। जिस क्षेत्र में जिसे प्रभारी नियुक्त किया गया है वह बैठक का संपन्न करायेगा। बीजेपी को भरोसा है यह लोगों लोगों को भाजपा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।