
मुठभेड़ में पकड़ा गया अभियुक्त, (Pc- Azamgarh Police)
Azamgarh encounter news: आजमगढ़ पुलिस ने जानलेवा हमले किए जाने के मामले में फरार एक आरोपी को गुरुवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पूर्व के एक मुकदमे में सुलह नहीं करने पर पीड़ित पक्ष को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडों से जानलेवा हमला किया था। इसी मामले में वह फरार चल रहा था। इस संबंध में थाना जीयनपुर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फौजी बनना चाहता था। वहीं, मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह 3:38 बजे थाना जीयनपुर की पुलिस टीम अम्मा आईमा मोड़ से धनछुला मार्ग पर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान थाना जीयनपुर पर पूर्व में पंजीकृत हुए मुकदमे में वांछित अभियुक्त अंकित यादव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जब जवाबी कार्रवाई की तो अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसे गिरफ्तार करके इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया है कि गिरफ्तार किया गया अभियुक्त मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के कटियारी निवासी लक्ष्मीकांत यादव का पुत्र अंकित यादव है। अंकित के पास से .315 बोर का अवैध देसी तमंचा .315 बोर का दो खोखा कारतूस और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया है कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह आजमगढ़ में रहकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। 19 अक्टूबर को सत्यम यादव के बुलाने पर वह चौको बाजार पहुंचा, जहां पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर राम प्रसाद यादव व प्रशांत यादव पर अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद वह फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया है कि राम प्रसाद यादव ने जीयनपुर थाने पर 19 अक्टूबर को लिखित तहरीर दी थी और सत्यम यादव व अंकित यादव सहित 11 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। रामप्रसाद यादव ने आरोप लगाया कि उनके भाई प्रशांत यादव को मोटरसाइकिल से टक्कर मार के गिरा दिया गया और उसके ऊपर लाठी डंडों से जानलेवा हमला किया गया था। इसमें राम प्रसाद यादव भी घायल हुए थे। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त से आगे की पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में फरार अन्य अभियुक्तों की भी तलाश जारी है।
Updated on:
22 Oct 2026 08:07 am
Published on:
22 Oct 2026 08:06 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
