21 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गोरखपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: करंट से तीन की मौत, सात लोग झुलसे

Gorakhpur tragedy: गोरखपुर में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में दुर्गा प्रतिमा आने से ट्रॉली में करेंट उतर गया, उस पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
2 min read
Google source verification
Up news, gorakhpur news

प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा ( सोर्स: सोशल मीडिया)

Three Dead Due To Electrocution:गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के रजही चौराहे के पास बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जंगल अयोध्या प्रसाद में स्थापित प्रतिमा को ट्रैक्टर-ट्रॉली से विसर्जन के लिए ले जाते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए। घायलों को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मरने वालों में लकी (17), विक्की (18) और चंदन (21) हैं। इसमें लकी-विक्की सगे भाई हैं और चंदन इनकी मौसी का लड़का है। हादसे से गुस्साएं लोगों ने मेडिकल कॉलेज के बाहर हंगामा किया। इससे 1 किमी लंबा जाम लग गया। हादसा गुलरिहा थाना क्षेत्र में अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास हुआ।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई प्रतिमा, ट्राली में उतरा करंट

जानकारी के अनुसार, जंगल अयोध्या प्रसाद में स्थापित प्रतिमा को लेकर श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से विसर्जन के लिए जा रहे थे। प्रतिमा के साथ कई लोग ट्रॉली पर खड़े थे। विसर्जन जुलूस जब रजही चौराहे के पास पहुंचा, तभी प्रतिमा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। इससे प्रतिमा में आग लग गई और करंट ट्रॉली में उतर गया। इसकी चपेट में आने से ट्रॉली पर सवार लोग झुलसने लगे।

अफरा तफरी मची, घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

बताया गया कि एहतियात के तौर पर बिजली निगम ने बिजली आपूर्ति बंद कर रखी थी, लेकिन इसी बीच आपूर्ति शुरू होने से हादसा हो गया। हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रतिमा के साथ मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बचाने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

मेडिकल कॉलेज में तीन की मौत, पांच की हालत नाजुक

हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। सात अन्य घायलों का उपचार चल रहा है, जिनमें पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने बिजली आपूर्ति बंद होने और दोबारा चालू किए जाने के बीच समन्वय तथा विसर्जन जुलूस के दौरान हाईटेंशन लाइनों से सुरक्षा के इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।