आजमगढ़ में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां के अंतिम संस्कार से लौट रहे बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
आजमगढ़: जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में ऑटो पलटने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि इस हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल मऊ जिले में एक अंतिम संस्कार में गए थे और वापस लौटते समय ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया जिसमें दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मऊ जिले के दोहरीघाट में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने गए छेदी प्रजापति और संजीव प्रजापति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। दोनों अंतिम संस्कार के बाद ऑटो से वापस घर लौट रहे थे। इस हादसे में ऑटो सवार अन्य पांच लोग घायल हुए हैं।
शहर कोतवाली के रहने वाले जियालाल की मां का शनिवार को निधन हो गया था जिनका अंतिम संस्कार दोहरीघाट में हुआ। जियालाल अपने पड़ोसी संदीप प्रजापति और अन्य लोगों के साथ दाह संस्कार में गए हुए थे। दाह संस्कार के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ऑटो पलट गया।
हादसा होने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने छेदी प्रजापति और संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल ऑटो चालक समेत पांच लोगों का इलाज चल रहा है।