उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्वाइंट संख्या 197 पर सुबह करीब तीन बजे हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार युवक एक शादी समारोह में […]
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्वाइंट संख्या 197 पर सुबह करीब तीन बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे चल रही कार अनियंत्रित हो गई और ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार की अगली सीट पर बैठे रजत कुमार मिश्र (25) पुत्र घनश्याम मिश्र निवासी पहाड़पुर सराय भीखम, थाना मोतिगरपुर, जनपद सुलतानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। रजत एक बाराती के रूप में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कार चालक विकास शुक्ला ने बताया कि ट्रक काफी तेज गति से चल रहा था और अचानक ब्रेक लगाने से यह हादसा हो गया। दुर्घटना में विकास शुक्ला के अलावा हर्षित कुमार मिश्रा (23) और प्रभांशु सिंह (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर लगातार हो रहे हादसों से लोगों के मन में डर समा गया है। लोग इस एक्सप्रेस वे पर यात्रा करने से घबराने लगे है।